राशन में चावल एवं गेहूं के वितरण अनुमान में बदलाव

10-Dec-2025 08:53 PM

नई दिल्ली। मौजूदा समय में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न के वितरण में 1 एवं 4 का अनुमान बना हुआ है जिसके तहत 1 किलो गेहूं के साथ 4 किलो चावल के हिसाब से खाद्यान्न उपलब्ध करवाया जाता है।

उदाहरणस्वरूप अंत्योदय परिवारों को प्रति माह 35 किलो अनाज दिया जाता है जिसमें 7 किलो गेहूं एवं 28 किलो चावल शामिल होता है।

इसी तरह सामान्य श्रेणी के राशन कार्ड धारकों को प्रति व्यक्ति प्रतिमाह 1 किलो गेहूं एवं 4 किलो चावल के साथ 5 किलो अनाज उपलब्ध करवाया जाता है। 

लेकिन अब इसका अनुपात बदलने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत दो भाग गेहूं तीन भाग चावल दिया जाएगा। यह 2 एवं 3 के अनुपात में होगा।

इसके लागू होने पर अंत्योदय परिवारों को 14 किलो गेहूं एवं 21 किलो चावल के साथ 35 किलो अनाज मिलेगा जबकि सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों को 2 किलो गेहूं एवं 3 किलो चावल दिया जाएगा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सभी राशन कार्ड धारकों को मुफ्त में अनाज उपलब्ध करवाया जाता है। 

बिहार में खाद्यान्न वितरण का नया अनुपात लागू करने का निर्देश दिया गया है और साथ ही साथ नया राशन कार्ड बनाने के लिए दरभंगा एवं मधुबनी जैसे जिलों में कैम्प (शिविर) लगाने को भी कहा गया है।

केन्द्र सरकार के पास चावल के साथ-साथ गेहूं का भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है इसलिए पीडीएस में चावल की मात्रा घटाकर गेहूं की मात्रा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।