सीमित कारोबार के बीच कनाडा में मसूर का भाव स्थिर

20-Mar-2025 01:47 PM

वैंकुवर। पिछले दिनों भारत में आयात शुल्क में भारी बढ़ोत्तरी की आशंका से कनाडा में मसूर का भाव नरम पड़ गया था लेकिन जब यह सूचना आई कि केवल 11 प्रतिशत का सीमा शुल्क लागू हुआ है तब वहां बाजार धीरे-धीरे स्थिर होने लगा।

चूंकि भारत कनाडाई मसूर का सबसे बड़ा खरीदार है इसलिए यहां होने वाले नीतिगत बदलाव पर कनाडा के उत्पादकों एवं निर्यातकों की भारी नजर रहती है।

व्यापार संगठनों का कहना है कि शुल्क मुक्त नियम के मुकाबले 11 प्रतिशत शुल्क के साथ मसूर के निर्यात में थोड़ी कठिनाई होगी फिर भी यह आयात शुल्क इतना ऊंचा नहीं है कि शिपमेंट पर भारी प्रतिकूल असर डाल सके।

कनाडा को यह भी पता है कि इस बार ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन काफी घट गया है। लेकिन निर्यातकों की चिंता इस बात को लेकर है कि भारत में मसूर का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है।

भाव घटकर नीचे आ गया है और नई घरेलू फसल की आवक शीघ्र ही जोर पकड़ने वाली है। ऐसी हालत में वहां मसूर के आयात की गति धीमी पड़ सकती है। 

कनाडा में मसूर की बिजाई अगले महीने से आरंभ होगी और नई फसल की कटाई-तैयारी अगस्त-सितम्बर में शुरू हो जाएगी। इसकी खरीद बिक्री का अग्रिम अनुबंध शुरू हो चुका है।

इसके तहत छोटी हरी मसूर का दाम घटकर 40 सेंट प्रति पौंड से भी नीचे आ गया है जबकि मोटी हरी मसूर का एफओबी ऑफर मूल्य सितम्बर-दिसम्बर 2025 की डिलीवरी के लिए 43-44 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर बना हुआ है।

मौजूदा स्टॉक वाली मोटी हरी मसूर का भाव 55 सेंट प्रति पौंड तथा छोटी हरी मसूर का दाम 48-50 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है।

लाल मसूर का मूल्य भी 33-34 सेंट प्रति पौंड से घटकर अब 1.32 सेंट प्रति पौंड रह गया है जबकि अगली नई फसल की कीमत 27-28 सेंट प्रति पौंड बताई जा रही है। कुल मिलाकर इस समय मसूर का बाजार प्राय: शांत या स्थिर रहता है लेकिन बीज की मांग मजबूत रहती है।