सीमित कारोबार के बीच कनाडा में मटर का भाव स्थिर
03-Oct-2025 04:12 PM
सस्काटून। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में सीमित कारोबार एवं अच्छी आवक के कारण मटर का भाव स्थिर बना हुआ है। कुछ वैश्विक दबाव भी है जबकि स्वयं कनाडा में इस बार उत्पादन बेहतर हुआ है। चीन और भारत जैसे प्रमुख आयातक देशो में कनाडा से मटर का बहुत कम आयात हो रहा है। भारत में पीली मटर पर आयात शुल्क दोबारा लगाए जाने की संभावना है इसलिए भारतीय आयातक दूरस्थ पोजीशनों की डिलीवरी के लिए इसका भारी अनुबंध करने से हिचक रहे है। शानदार उत्पादन एवं कमजोर निर्यात मांग के कारण कनाडा में पीली मटर का भाव घटकर पहले ही 6.50 डॉलर प्रति बुशेल पर आ चुका है। कहीं-कहीं थोड़ी बहुत खरीद बिक्री होने से कीमत 7.25 -7.75 डॉलर प्रति बुशेल के बीच पहुंच गया है।
पीली मटर के वैश्विक निर्यात बाजार में कनाडा को फ़िलहाल रूस तथा यूक्रेन की गंभीर चुनौती एवं सख्त प्रर्तिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है जहां तक हरी मटर का सवाल है तो इसकी नंबर दो क्वालिटी वाले माल का भाव 9.50-10.00 डॉलर प्रति बुशेल के पुराने स्टाक पर स्थिर बना हुआ है और निकट भविष्य में इसमें ज्यादा इजाफा होने की संभावना भी नहीं है इसमें निर्यात मांग कमजोर है। माप के मटर का दाम भी हरी मटर के समतुल्य चल रहा है। मगर इसमें कुछ कारोबार हो रहा है।
व्यापार विश्लेषणों के अनुसार इस निम्नस्तरीय मूल्य स्तर पर भी मटर में निर्यात मांग कमजोर बनी हुई है और इसलिए उत्पादकों को भाव बढ़ाने का अवसर नहीं मिल रहा है। भारत में पीली मटर के विशाल आयात को दलहन बाजार में भारी नरमी का प्रमुख कारक माना जा रहा है इसके फलस्वरूप केंद्रीय कृषि मंत्रालय तथा नीति आयोग इसके आयात पर अंकुश लगाए जाने के पक्ष में है उद्योग-व्यापार क्षेत्र पहले से ही पीली मटर का आयात रोकने की मांग कर रहा है। इधर चीन में कनाडाई मटर पर 100 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लगा हुआ है। कनाडा में मटर फसल की कटाई-तैयारी पूरी हो चुकी है और इस बार पैदावार भी बेहतर हुई है लेकिन इस विशाल स्टॉक को बेचने में भारी कठिनाई हो रही है इसलिए कीमतों पर गहरा दबाव देखा जा रहा है।
