सीमित कारोबार के बीच कनाडा में मटर का भाव स्थिर
04-Dec-2025 05:53 PM
रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में पर्याप्त आपूर्ति एवं सीमित कारोबार के बीच चालू सप्ताह के दौरान मटर का भाव स्थिर देखा जा रहा है। आमतौर पर सीजन की इस अवधि में मटर में औसत कारोबार होता है
लेकिन इस वर्ष शानदार उत्पादन होने तथा भारत में 30 प्रतिशत का आयात शुल्क लगने से व्यापारिक गतिविधियां सुस्त देखी जा रही है सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन का उत्पादन आंकड़ा आज जारी होने की संभावना है। इस आंकड़े की प्रतीक्षा में भी उत्पादकों एवं खरीदारों ने अपनी सक्रियता घटा दी।
व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि स्टैट्स कैन की रिपोर्ट में मटर के उत्पादन अनुमान में थोड़ी बहुत कटौती की जा सकती है।
दोनों शीर्ष खरीदार देश चीन तथा भारत में मटर पर ऊंचे स्तर का आयात शुल्क लगा हुआ है लेकिन इसके बावजूद भारत में पीली मटर का आयात निरन्तर जारी है।
चीन के आयातक काफी हद तक उससे परहेज कर रहे हैं। कनाडा की मंडियों में पीली मटर का डिलीवरी मूल्य 7.50 से 8.00 डॉलर प्रति बुशेल तथा हरी मटर का भाव 10.50-11.00 डॉलर प्रति बुशेल के बीच बताया जा रहा है।
मापले मटर के दाम 10.00 से 11.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच घूम रहा है। यह माल की क्वालिटी एवं खरीद की अवधि पर निर्भर है।
समीक्षकों के अनुसार निकट भविष्य में पीली मटर के दाम में जोरदार वृद्धि होने या तेज उछाल आने की संभावना नहीं है क्योंकि रूस और यूक्रेन की मटर अब भी सस्ते दाम पर पर्याप्त मात्रा में निर्यात के लिए उपलब्ध है।
भारत में मटर सहित अन्य रबी दलहनों की बिजाई जारी है और मौसम की हालत भी अनुकूल बनी हुई है। घरेलू प्रभाग में मटर का दाम लगभग स्थिर बना हुआ है
और तत्काल इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता का कोई संकट भी नहीं है। स्टैट्स कैन का उत्पादन आंकड़ा सामने आने पर कीमतों में थोड़ा-बहुत बदलाव हो सकता है।
