सीमित कारोबार के साथ कनाडा में मसूर का भाव लगभग स्थिर

19-Dec-2024 03:39 PM

रेगिना । पश्चिमी कनाडा की मंडियों में चालू सप्ताह के दौरान मसूर का भाव काफी हद तक स्थिर बना हुआ है। सामान्यतः 34.00-34.50 सेंट प्रति पौंड के औसत मूल्य पर लाल मसूर का कारोबार हो रहा है जबकि एक-दो क्षेत्रों में यह भाव सुधरकर 35 सेंट प्रति पौंड तक पहुंचने की सूचना मिल रही है।

मोटी हरी मसूर का दाम कुछ नरम पड़ा है और 60 सेंट प्रति पौंड के मूल्य स्तर पर खरीदार मिलना मुश्किल होता जा रहा है। इसका सक्रिय बोली 58-59 सेंट प्रति पौंड बताई जा रही है।

छोटी हरी मसूर का दाम भी कुछ नरम पड़कर 53-54 सेंट प्रति पौंड रह गया है। आगे इसमें सीमित उतार-चढ़ाव की संभावना है।

कनाडा में अगले वर्ष अप्रैल-जून के दौरान मसूर की बिजाई होगी और अगस्त से फसल की कटाई-तैयारी शुरू हो जाएगी। लेकिन इसके लिए अग्रिम खरीद का अनुबंध धीरे-धीरे आरंभ हो गया है।

वैसे अधिकांश खरीदार अभी शांत हैं और वे नए वर्ष के आरंभ तक अनुबंध की गति धीमी रखना चाहते हैं। इस बीच उन्हें बाजार के उतार-चढ़ाव का आंकलन-विश्लेषण करने का अच्छा अवसर और समय मिल जाएगा।

कहीं-कहीं आगामी फसल के लिए मोटी हरी मसूर का सौदा 47 सेंट, छोटी हरी मसूर का 45 सेंट तथा लाल मसूर का अनुबंध 30 सेंट प्रति पौंड पर होने की जानकारी म्मिल रही है।

सरकारी एजेंसी-स्टैट्स कैन के अनुसार कनाडा में मसूर का उत्पादन वर्ष 2023 के 18 लाख टन से उछलकर 2024 में 24.30 लाख टन पर पहुंच गया और इसके निर्यात का प्रदर्शन भी संतोषजनक देखा जा रहा है।