सीमित ठहराव के बाद तमिलनाडु में बारिश का दौर पुनः शुरू
04-Dec-2025 08:47 PM
तिरुअनन्तपुरम। मौसम विभाग के अनुसार एक दिन के ठहराव के बाद दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्व मानसून पुनः सक्रिय हो गया है। वहां बारिश का सिलसिला आज यानी 4 दिसम्बर से आरंभ हुआ और 5 दिसम्बर को भी तमिलनाडु, पांडीचेरी तथा कराईकल में बरकरार रहेगा।
चेन्नई सहित तमिलनाडु के उत्तरी भाग, रॉयल सीमा एवं तटीय आंध्र प्रदेश में 3 दिसम्बर को बारिश लगभग बंद रही लेकिन कम दाब का एक क्षेत्र इसके ऊपर सक्रिय होने से बारिश का दौर 4 दिसम्बर को दोबारा आरंभ हो गया।
कुछ क्षेत्रों में 3 दिसम्बर की शाम से 4 दिसम्बर की सुबह तक भारी से लेकर अत्यन्त भारी वर्षा हुई और तमिलनाडु तथा रॉयल सीमा में एक-दो स्थानों पर जबरदस्त मूसलाधार वर्षा दर्ज की गई।
इसी तरह तटीय आंध्र प्रदेश एवं तटीय कर्नाटक में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा हुई। इससे वहां खेतों में पानी भर गया और रबी फसलों को क्षति होने की आशंका बढ़ गई है। यदि कल यानी 5 दिसम्बर को भी वर्षा का दौर जारी रहा तो अनेक क्षेत्रों में स्थिति बेहद खराब हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार यानी 5 दिसम्बर को तमिलनाडु, पांडीचेरी एवं कराईकल में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है जबकि कुछ अन्य क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है।
3 दिसम्बर को बारिश वाला कम दाब का क्षेत्र तमिलनाडु के आंतरिक भाग के ऊपर अवस्थित या जो दक्षिण की ओर बढ़कर घाट वाले इलाकों में पहुंचने का प्रयास कर रहा है। लेकिन केरल तक पहुंच कर वह कमजोर पड़ गया। लेकिन वहां एक भारी साइक्लोनिक सर्कुलेशन अभी बरकरार है।
