साप्ताहिक आधार पर बारिश में 55 प्रतिशत की भारी गिरावट
11-Dec-2025 04:17 PM
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों से पता चलता है कि समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में महज 1.7 मि०मी० बारिश हुई जो सामान्य औसत स्तर 3.7 मि०मी० से 55 प्रतिशत कम रही।
लेकिन इसके बावजूद मानसून बाद की अवधि में यानी 1 अक्टूबर से 10 दिसम्बर के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर कुल बारिश बढ़कर 132.6 मि०मी० पर पहुंच गई जो सामान्य औसत 110.2 मि०मी० से 22.4 मि०मी० या करीब 20 प्रतिशत ज्यादा है।
मौसम विभाग के मुताबिक समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान देश के चारों संभागों में सामान्य औसत से कम वर्षा हुई। इस अवधि के दौरान देश के पूर्वी एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र पश्चिमोत्तर भाग तथा मध्यवर्ती राज्यों में वर्षा बिल्कुल नहीं हुई
जो वहां सामान्य औसत वर्षा क्रमश: 2.6 मि०मी०, 2.3 मि०मी० एवं 1.6 मि०मी० की तुलना में 100 प्रतिशत कम थी। उधर दक्षिण भारत में भी 8.5 मि०मी० वर्षा हुई जो सामान्य औसत से 20 प्रतिशत कम रही।
कुल मिलाकर देश के 36 मौसम उपखंडों में से 27 उपखंड वर्षा से बिल्कुल वंचित रहे। इसके बाद तीन उपखंडों में सामान्य से बहुत अधिक और 1 उपखंड में सामान्य से कुछ ज्यादा बारिश हुई। इसके अलावा तीन उपखंडों में सामान्य से कम तथा दो अन्य उपखंडों में बहुत कम वर्षा दर्ज की गई।
दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्व मानसून की सक्रियता से कहीं-कहीं बारिश हो रही है। जबकि देश के शेष भागों में मौसम शुष्क बना हुआ है। इसके फलस्वरूप बांधों- जलाशयों में पानी का स्तर घटने लगा है।
उत्तरी भारत में दिन का तापमान ऊंचा रहने से खेतों की मिटटी से नमी सूखने लगी है लेकिन फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है। ला नीना मौसम चक्र की सक्रियता से आगामी समय में अच्छी बारिश हो सकती है।
