साप्ताहिक समीक्षा- चीनी

06-Sep-2025 07:52 PM

नए कोटे के दबाव एवं कमजोर मांग से चीनी का भाव नरम 

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार द्वारा सितम्बर माह के लिए 23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया गया है जबकि घरेलू प्रभाग में कुछ खास कारणों से इसकी मांग कमजोर देखी जा रही है। इसके चलते 30 अगस्त से 5 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान चीनी की कीमतों में प्राय: नरमी का ही माहौल देखा गया। इसके तहत मिल डिलीवरी मूल्य एवं हाजिर बाजार भाव में गिरावट आई। 
मिल डिलीवरी भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 रुपए का सुधार आया मगर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 रुपए, बिहार में 35 रुपए तथा मध्य प्रदेश में 40 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी रही। पंजाब में भाव पिछले स्तर पर स्थिर रहा। गुजरात में 10-20 रुपए की गिरावट रही। चीनी मिलों को अपने पिछले कोटे के माल की बिक्री बढ़ानी पड़ी जिससे कीमतों पर असर पड़ा।
हाजिर भाव  
लेकिन हाजिर बाजार में मिश्रित रुख देखा गया। दिल्ली में चीनी का भाव 30 रुपए गिरकर 4260/4300 रुपए प्रति क्विंटल तथा मुम्बई (वाशी) में 20 रुपए गिरकर 3980/4180 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया जबकि इंदौर में 30 रुपए बढ़कर 4220/4320 रुपए प्रति क्विंटल तथा रायपुर (छत्तीसगढ़) में 40-45 रुपए उछलकर 4260/4325 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
कोलकाता 
कोलकाता में चीनी का मूल्य 4380/4420 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। चीनी का नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य 20 रुपए की गिरावट के साथ 3930/4130 रुपए प्रति क्विंटल पर अटक गया। 
टेंडर 
चीनी का टेंडर मूल्य महाराष्ट्र में घटकर 3860/3945 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया मगर कर्नाटक में सुधरकर 3895/4020 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।  
मानसून  
उद्योग समीक्षकों के अनुसार देश के विभिन्न राज्यों में मानसून की भारी वर्षा होने तथा तापमान घटने से चीनी की औद्योगिक खपत कुछ घट गई मगर गणपति पूजन का त्यौहार रहने से कुछ इलाकों में मांग और कीमत मजबूत रही। अब पितर पक्ष आरंभ हो रहा है जो 21 सितम्बर तक रहेगा और उसके बाद 22 सितम्बर से नवरात्रि का त्यौहार प्रारम्भ हो जाएगा। इससे चीनी की मांग एवं खपत बढ़ने की उम्मीद है जिससे कीमतों को कुछ मजबूती मिल सकती है। लेकिन 23.50 लाख टन का भारी कोटा भी मौजूद रहेगा। इसे देखते हुए चीनी का भाव सीमित चढ़ाव-उतार के साथ एक निश्चित सीमा में स्थिर रह सकता है।