साप्ताहिक समीक्षा- चीनी
19-Oct-2025 01:18 PM
कमजोर मांग के चलते चीनी के मूल्य में गिरावट
नई दिल्ली। आमतौर पर दशहरा- दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के समय चीनी की मांग एवं कीमत में बढ़ोत्तरी की परिपाटी देखी जाती है लेकिन इस बार हालात विपरीत नजर आ रहे हैं। 11-17 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान चीनी के प्लांट डिलीवरी मूल्य तथा हाजिर भाव में 20 से 50 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई।
कोटा
ऐसा प्रतीत होता है कि अक्टूबर माह के लिए खाद्य मंत्रालय द्वारा जो 24 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया गया वह बाजार पर भारी पड़ गया और इसलिए कीमतों पर दबाव पड़ रहा है। वैसे पहले इसके दाम में अच्छी वृद्धि हुई थी और इसलिए हालिया नरमी को अप्रत्याशित नहीं माना जा रहा है। खरीदार पहले ही चीनी की भारी खरीद कर चुके हैं क्योंकि उन्हें आगे इसका दाम बढ़ने का अंदेशा था।
मिल डिलीवरी भाव
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पूर्वी उत्तर प्रदेश में 55 रुपए प्रति क्विंटल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 40 रुपए, पंजाब में 20 रुपए तथा बिहार में 120 रुपए प्रति क्विंटल की भारी गिरावट दर्ज की गई। मध्य प्रदेश में भाव स्थिर रहा। गुजरात में 10-20 रुपए की नरमी रही और वहां भी मांग कुछ कमजोर देखी गई।
हाजिर भाव
इसी तरह चीनी का हाजिर बाजार मूल्य दिल्ली में 50 रुपए घटकर 4330/4500 रुपए प्रति क्विंटल, इंदौर में 30-40 रुपए गिरकर 4240/4300 रुपए, कोलकाता में 80 रुपए तक घटकर 4320/4400 रुपए प्रति क्विंटल तथा मुम्बई (वाशी) मार्केट में 10 रुपए फिसलकर 3950/4100 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। चीनी का नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य भी 10 रुपए की नरमी के साथ 3900/4050 रुपए प्रति क्विंटल रह गया।
टेंडर
चीनी के टेंडर मूल्य में भी कुछ गिरावट रही। महाराष्ट्र में यह 10-20 रुपए घटकर 3830/3890 रुपए प्रति क्विंटल तथा कर्नाटक में 10 रुपए गिरकर 3800/3930 रुपए प्रति क्विंटल पर गया। मिलों ने दाम घटाकर अपना स्टॉक बेचने का प्रयास किया।
गन्ना क्रशिंग
गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का नया मार्केटिंग सीजन तो औपचारिक तौर पर 1 अक्टूबर 2025 से ही आरंभ हो चुका है मगर कई राज्यों में इसकी रफ्तार अभी धीमी है। महाराष्ट्र में अगले महीने से गन्ना की क्रशिंग आरंभ करने की स्वीकृति दी गई है।
