साप्ताहिक समीक्षा- गेहूं
06-Dec-2025 06:55 PM
सीमित कारोबार के बीच दिल्ली, राजकोट एवं यूपी में गेहूं का दाम कमजोर
नई दिल्ली। सामान्य आपूर्ति एवं सीमित कारोबार के कारण 29 नवम्बर- 5 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान गेहूं की कीमतों में मिश्रित रुख देखा गया। इसके तहत दिल्ली, राजकोट एवं उत्तर प्रदेश की कई मंडियों में भाव कमजोर रहा जबकि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में मूल्य मजबूत या स्थिर देखा गया। सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों में गेहूं की जोरदार बिजाई हो रहे है और इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से काफी आगे चल रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि 2025-26 सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर गेहूं का क्षेत्रफल एवं उत्पादन बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है क्योंकि मौसम की हालत भी अनुकूल बनी हुई है।
दिल्ली / यूपी
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान गेहूं का भाव दिल्ली में 10 रुपए नरम पड़कर 2750/2770 रुपए तथा राजकोट में 100 रुपए घटकर 2500/3000 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। इसी तरह उत्तर प्रदेश में गेहूं का भाव गोरखपुर में 10 रुपए, एटा में 30 रुपए एवं मैनपुरी में 40 रुपए प्रति क्विंटल घट गया।
मध्य प्रदेश
दूसरी ओर गेहूं के दाम में मध्य प्रदेश के डबरा में 15 रुपए तथा इटारसी में 75 रुपए प्रति क्विंटल और राजस्थान के कोटा में 55 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई जबकि अन्य मंडियों में कीमत पिछले स्तर पर ही स्थिर रही। दिल्ली में 5000-6000 बोरी गेहूं की रोजाना आवक हुई।
स्टॉक सीमा
गेहूं पर स्टॉक सीमा लागू है इसलिए मंडियों में आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी हुई है। मिलर्स- प्रोसेसर्स को सरकारी गेहूं मिलना भी शुरू हो गया है। आगामी उत्पादन शानदार होने की उम्मीद से बड़े-बड़े उत्पादक अपना स्टॉक नियमित रूप से मंडियों में उतार रहे हैं जिससे मिलर्स- प्रोसेसर्स को इसकी खरीद में कोई जल्दबाजी या हड़बड़ाहट दिखाने की आवश्यकता महसूस नहीं हो रही है।
सरकारी बिक्री
सरकार ने खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत 31 मार्च 2026 तक की बिक्री के लिए 30 लाख टन गेहूं का कोटा आंवटित किया है जबकि कुछ विशेष कारणों से इसकी खरीद में मिलर्स कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
भाव में गिरावट
कई मंडियों में गेहूं का भाव घटकर सरकारी समर्थन मूल्य के आसपास आ गया है। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2024-25 सीजन के 2425 रुपए प्रति क्विंटल से 160 रुपए बढ़ाकर 2025-26 सीजन के लिए 2585 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है।
