साप्ताहिक समीक्षा- गेहूं

13-Dec-2025 07:54 PM

सीमित कारोबार के साथ गेहूं के मूल्य में सामान्य उतार-चढ़ाव  

नई दिल्ली। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) द्वारा खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत गेहूं में साप्ताहिक ई नीलामी को स्थगित किए जाने के बावजूद इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की कीमतों में जोरदार बढ़ोत्तरी नहीं देखी गई। 6-12 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान गेहूं के थोक मंडी मूल्य में दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश में कुछ सुधार देखा गया लेकिन मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में भाव नरम रहा। गुजरात सहित अन्य राज्यों में बाजार का भाव स्थिर देखा गया। 
भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान दिल्ली में गेहूं का भाव 20 रुपए सुधरकर 2780/2800 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। इसी तरह उत्तर प्रदेश में गोरखपुर गोंडा, मैनपुरी एवं एटा जैसी मंडियों में गेहूं के दाम में 20 रुपए से लेकर 60 रुपए प्रति क्विंटल तक का सुधर देखा गया। दूसरी ओर मध्य प्रदेश के डबरा, उज्जैन एवं इटारसी, राजस्थान के बूंदी तथा महाराष्ट्र के जालना में गेहूं की कीमत में 10 से 75 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। लेकिन राजस्थान के कोटा में भाव 10 रुपए सुधरकर 2450/2570 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। 
आवक 
दिल्ली में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 5-6 हजार बोरी गेहूं की दैनिक आवक हुई और इसमें थोड़ा-बहुत कारोबार भी हुआ। उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश की कुछ मंडियों में गेहूं की नगण्य आवक हो रही है। देश की अधिकांश मंडियों में इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का भाव गिरकर न्यूनतम समर्थन मूल्य के आसपास और कहीं-कहीं उससे भी नीचे आ गया है जिससे मिलर्स- प्रोसेसर्स की दिलचस्पी ऊंचे मूल्य वाले सरकरी गेहूं की खरीद में काफी घट गई। 
बिजाई 
रबी सीजन के सबसे प्रमुख खाद्यान्न-गेहूं के बिजाई क्षेत्र में इस बार शानदार बढ़ोत्तरी हो रही है और इसके उत्पादन में भी वृद्धि होने के आसार हैं। गेहूं का समर्थन मूल्य 160 रुपए बढ़कर 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है जिससे किसान काफी उत्साहित हैं।