साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली
05-Apr-2025 06:40 PM
आवक कम होने तथा मांग मजबूत रहने से मूंगफली के मूल्य में सुधार
नई दिल्ली। गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों की मंडियों में 29 मार्च से 4 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली की सीमित आवक हुई जबकि खरीदारों की मांग कुछ मजबूत रही। इसके फलस्वरूप मूंगफली का भाव सोलापुर में 100 रुपए बढ़कर 6800 रुपए प्रति क्विंटल, महोबा में 300 रुपए उछलकर 4500/5000 रुपए प्रति क्विंटल तथा मऊरानीपुर में 100 रुपए सुधरकर 4500/4700 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। झांसी में भी नीचे स्तर पर इसके दाम में 300 रुपए का इजाफा दर्ज किया गया।
आवक
गुजरात के राजकोट में 4 अप्रैल को 10,000 बोरी मूंगफली की आवक हुई। गोंडल में सीमित कारोबार के साथ भाव स्थिर रहा। झांसी में 4500-5500 बोरी की दैनिक आपूर्ति हुई जबकि महोबा में 2-4 हजार बोरी एवं मऊरानीपुर में 1000-2000 बोरी के बीच आवक दर्ज की गई।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली दाने में क्रशर्स-प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों की मांग कमजोर रही जिससे जयपुर में 60/70 काउंट वाले माल का दाम 200 रुपए गिरकर 7500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। लेकिन महाराष्ट्र के नागपुर में यह 100 रुपए की वृद्धि के साथ 10600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल की व्यापारिक मांग ज्यादा नहीं देखी गई जिससे गुजरात में इसका भाव स्थिर रहा। राजस्थान एवं दक्षिण भारत में इसके दाम में 10-20 रुपए प्रति 10 किलो का उतार-चढ़ाव आया कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल के दाम में 65 रुपए प्रति टीन (15 किलो) की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई क्योंकि इसकी अच्छी खरीदारी हुई लेकिन फिल्टर्ड तेल का भाव थोड़ा नरम पड़ गया।
भाव
सरकार ने 2024-25 सीजन के लिए मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 6.40 प्रतिशत बढ़कर 6783 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इस मूल्य स्तर पर किसानों से रिकॉर्ड मात्रा में मूंगफली की सरकारी खरीद की गई लेकिन फिर भी थोक मंडी भाव में उछाल नहीं आ सका। अभी तक खरीफ कालीन मूंगफली की आवक हो रही थी जबकि अब रबी कालीन फसल की आपूर्ति शुरू होने वाली है। आगामी महीनों में जायद सीजन की मूंगफली भी आने लगेगी।
