साप्ताहिक समीक्षा - मूंगफली

23-Aug-2025 08:08 PM

सामान्य कारोबार के बीच मूंगफली की कीमतों में सीमित बदलाव 

नई दिल्ली। गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों की थोक मंडियों में यद्यपि मूंगफली की सीमित आवक हो रही है मगर व्यापारियों एवं मिलर्स की कमजोर मांग के कारण कीमतों में कोई खास बदलाव नहीं देखा जा रहा है। 
बिजाई / उत्पादन 
खरीफ कालीन मूंगफली की बिजाई लगभग पूरी हो चुकी है और इसका उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के बिजाई क्षेत्र तथा पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल से पीछे चल रहा है। 
16 से 22 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान गुजरात की मंडियों में लगभग शन्ति बनी रही और राजस्थान तथा महाराष्ट्र में भी कोई खास हलचल नहीं रही जिससे मूंगफली का भाव बीकानेर में 5300 रुपए प्रति क्विंटल तथा सोलपुर में 6500 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की झांसी मंडी में 1000-2000 बोरी की औसत दैनिक आवक के बीच कुछ कारोबार होने से मूंगफली का भाव 100 रुपए सुधरकर 4400/4900 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा लेकिन महोबा मंडी में 425/450 बोरी की आपूर्ति होने के बावजूद खरीदारों की कमजोर मांग के कारण दाम 125 रुपए घटकर 4500/4850 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। मऊरानीपुर मंडी में 450-550 बोरी मूंगफली की दैनिक आवक हुई और कीमत लगभग स्थिर बनी रही।
मूंगफली दाना  
छिलका रहित मूंगफली दाने में कारोबार सुस्त रहा जिससे कीमतों में कोई बदलाव नहीं आया। बीकानेर में 40/50 काउंट का दाम 9000 रुपए प्रति क्विंटल, 50/60 काउंट का 8600 रुपए तथा 60/70 काउंट का भाव 8300 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर देखा गया। इसमें क्रशर्स-प्रोसेसर्स के साथ-साथ निर्यातकों की मांग भी कुछ कमजोर रही। इसी तरह महाराष्ट्र के नागपुर में 50/60 काउंट का मूल्य 10200 रुपए प्रति क्विंटल तथा 60/70 काउंट का मूल्य 9600 रुपए प्रति क्विंटल पिछले स्तर पर बरकरार रहा। 
मूंगफली तेल 
लूज रूप में मूंगफली तेल की खरीदारी कम हुई इसलिए गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में इसका भाव 25 रुपए गिरकर 1350 रुपए प्रति 10 किलो रह गया। अहमदाबाद, बीकानेर तथा नेवाई / टोंक में भी इसके दाम में 10-10 रुपए की गिरावट दर्ज की गई। 
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव 2400 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर रहा जबकि जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर्ड मूंगफली तेल की कीमतों में नरमी देखी गई। 
मूंगफली ऑयल केक 
मूंगफली ऑयल केक तथा डीओसी में कोई खास कारोबार नहीं होने से कीमतों में स्थिरता का अमोल बना रहा।