साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

29-Nov-2025 07:19 PM

अच्छी आपूर्ति के बावजूद गुजरात में मूंगफली का भाव तेज 

नई दिल्ली। सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- गुजरात में मूंगफली के नए माल की अच्छी आवक हो रही है और सरकारी एजेंसियों तथा व्यापारिक फर्मों द्वारा इसकी भारी खरीद भी की जा रही है। इसके फलस्वरूप 22-28 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान राज्य की राजकोट मंडी में मूंगफली का भाव ऊंचे में 1500 रुपए उछलकर 9000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। वहां इसकी दैनिक आवक 20 से 30 हजार बोरी के बीच दर्ज की गई। इसी तरह महाराष्ट्र के सोलापुर में मूंगफली का दाम 300 रुपए वृद्धि के साथ 7500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। दूसरी ओर राजस्थान के बीकानेर में यह 200 रुपए गिरकर 5500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। जोधपुर में भाव 6000/6500 रुपए प्रति क्विंटल रहा। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की मंडियों में मिश्रित रुख देखा गया। वहां मूंगफली का दाम झांसी में 100 रुपए तथा मऊरानीपुर में 200 रुपए नरम रहा जबकि महोबा में 100 रुपए बढ़कर 5500/6300 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। इन तीनों मंडियों में मूंगफली की अच्छी आवक होने वाली है। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने में क्रशर्स-प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों की बेहतर मांग के कारण बीकानेर में कीमत 200-400 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गई लेकिन महाराष्ट्र के सोलापुर एवं नागपुर में इसमें 100-300 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। 
मूंगफली तेल 
लूज रूप में मूंगफली तेल में कारोबार सुधरने से गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में भाव 25 रुपए सुधरकर 1525 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। राजकोट में 15 किलो वाले तेलिया टीन का दाम भी 80 रुपए की बढ़त के साथ 2430 रुपए पर पहुंचा। अहमदाबाद, मुम्बई तथा हैदराबाद में भी मूंगफली तेल का भाव तेज रहा। इसका कारण मूंगफली की कीमत में आए सुधार को माना जा रहा है। 
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का दाम 2850 रुपए प्रति टीन (15 किलो) पर स्थिर रहा और जयपुर तथा नेवाई में फिल्टर्ड मूंगफली  तेल की कीमतों में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया। 
मूंगफली डीओसी 
मूंगफली डीओसी में कारोबार सामान्य या उससे कम हुआ जिससे कीमतों में काफी हद तक स्थिरता बनी रही। मूंगफली की सरकारी खरीद जोर शोर से जारी है।