साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

06-Dec-2025 07:17 PM

अच्छी आपूर्ति एवं कमजोर मांग से मूंगफली का भाव यूपी में नरम 

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश (यूपी) की मंडियों में खरीफ कालीन मूंगफली की दैनिक आवक बढ़ती जा रही है लेकिन इसके अनुरूप खरीदारी नहीं होने से 29 नवम्बर- 5 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान कीमतों  में गिरावट आ गई। गुजरात की गोंडल मंडी में भी यही स्थिति रही लेकिन राजकोट में मांग कमजोर पड़ने से किसानों ने आपूर्ति घटा दी जिससे वहां भाव बढ़ गया। 
आवक 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान गुजरात की गोंडल मंडी में 1 दिसम्बर को मूंगफली की आवक उछलकर 85 हजार बोरी पर पहुंची और 5 दिसम्बर को भी आवक 70 हजार बोरी दर्ज की गई। इसके फलस्वरूप वहां भाव 50 रुपए गिरकर 6250/6700 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। दूसरी ओर राजकोट में पहले आवक बढ़कर 30 हजार बोरी तक पहुंची थी जो बाद में घटकर 2-3 हजार बोरी रह गई। इसके फलस्वरूप वहां मूंगफली का भाव 250 रुपए बढ़कर 6000/7750 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। मूंगफली का दाम बीकानेर में 5500 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा जबकि सोलापुर में 100 रुपए सुधरकर 7600 रुपए पर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश की झाँसी मंडी में 15 से 25 हजार बोरी की औसत दैनिक आपूर्ति के बीच 200 रुपए गिरकर 5200/5800 रुपए प्रति क्विंटल, मऊरानीपुर में भी 200 रुपए गिरकर 5000/5800 रुपए प्रति क्विंटल तथा महोबा मंडी में 600 रुपए लुढ़ककर 5200/5800 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
मूंगफली दाना 
पिछला रहित मूंगफली के दाने का कारोबार बीकानेर एवं जोधपुर में सीमित होने से कीमतों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ लेकिन महाराष्ट्र के सोलापुर एवं नागपुर में मिलर्स तथा निर्यातकों की भारी खरीदारी से कीमतों में 900 रुपए प्रति क्विंटल तक की जोरदार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। सोलापुर में भाव 500 रुपए तथा नागपुर में 900 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया। 
मूंगफली तेल 
लेकिन लूज रूप में मूंगफली तेल में मांग कुछ कमजोर रही जिससे गुजरात के राजकोट गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में भाव 25 रुपए गिरकर 1500 रुपए प्रति 10 किलो रह गया। इसी तरह राजकोट में 15 किलो वाले तेलिया टीन का मूल्य भी 75 रुपए की गिरावट के साथ 2315 रुपए पर आ गया। इसके अलावा अहमदाबाद, मुम्बई एवं बीकानेर सहित अन्य केन्द्रों पर भी भाव नरम रहे। 
ब्रांडेड तेल 
राजस्थान के कोटा में ब्रांडेड तेल का बह्व 2350 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर रहा।