साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली
13-Dec-2025 08:13 PM
अच्छी आवक एवं सामान्य कारोबार से मूंगफली में उतार-चढ़ाव
नई दिल्ली। गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक एवं उत्तर प्रदेश सहित अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में खरीफ कालीन मूंगफली की अच्छी आवक हो रही और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर इसकी सरकारी खरीद भी जारी है। मिलर्स एवं व्यापारी भी इसकी खरीद में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। मंडियों में आपूर्ति एवं लिवाली के अनुरूप 6-12 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली की कीमतों में 100 से 300 रुपए प्रति क्विंटल का उतार-चढ़ाव आया।
आवक
गुजरात की गोंडल मंडी में 6 दिसम्बर को 50 हजार बोरी तथा 12 दिसम्बर को 65 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई लेकिन खरीदारों की अच्छी सक्रियता के कारण वहां भाव 250 रुपए बढ़कर 5250/7000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। दूसरी ओर राजकोट में 10 हजार बोरी की दैनिक आवक के बावजूद भाव 250 रुपए गिरकर 6000/7500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया।
राजस्थान
राजस्थान के जोधपुर में मूंगफली का दाम 6000/6500 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा लेकिन बीकानेर में 200 रुपए गिरकर 5300 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। महाराष्ट्र के सोलापुर में दाम 7600 रुपए दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की मंडियों में मिश्रित रुख देखा गया। वहां मूंगफली का दाम झांसी में 100 रुपए सुधरकर 5300/5900 रुपए प्रति क्विंटल और मऊरानीपुर में 200 रुपए बढ़कर 5200/6000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा लेकिन महोबा मंडी में 300 रुपए घटकर 5000/5700 रुपए प्रति क्विंटल आ गया। झांसी में 10-15 हजार बोरी, महोबा में 20 हजार बोरी तथा मऊरानीपुर मंडी में 2000 बोरी मूंगफली की औसत दैनिक आवक दर्ज की गई।
मूंगफली दाना
लेकिन छिलका रहित मूंगफली के दाने में ज्यादा कारोबार नहीं हुआ जिससे इसका भाव अधिकांश मंडियों में पिछले स्तर पर ही बरकरार रहा। इसमें क्रशर्स- प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों की मांग सीमित देखी गई।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल का भाव गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़, एवं जामनगर में 1500 रुपए प्रति 10 किलो के पिछले स्तर पर बरकरार रहा जबकि अन्य मार्केट में इसमें 2-3 रुपए प्रति किलो की घट-बढ़ देखी गई।
ब्रांडेड तेल
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव स्थिर रहा। आगामी समय में मूंगफली का भाव कुछ सुधरने की उम्मीद है।
