साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

14-Dec-2024 08:00 PM

सरकारी खरीद शुरू होने से यूपी में मूंगफली का भाव सुधरा 

नई दिल्ली। सरकारी एजेंसी ने गुजरात और राजस्थान के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी किसानों से 6783 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीदना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश में 1.07 लाख टन से कुछ अधिक मूंगफली खरीदने की अनुमति दी गई है जिसके सापेक्ष लगभग 13 हजार टन की खरीद हो चुकी है। इसी तरह गुजरात में 13.06 लाख टन की स्वीकृति की तुलना में 1.51 लाख टन तथा राजस्थान में 5.32 लाख टन की मंजूरी के मुकाबले 33 हजार टन मूंगफली की खरीद हुई है। राष्ट्रीय स्तर पर कुल 20,47,471 टन मूंगफली की खरीद की अनुमति दी गई है जबकि कुल वास्तविक खरीद 1,96,670 टन पर पहुंची। मूंगफली की खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है। गुजरात के गोंडल, राजकोट एवं जूनागढ़ तथा उत्तर प्रदेश के झांसी, महोबा और मऊरानीपुर में मूंगफली की जोरदार आवक होने लगी है। राजस्थान की मंडियों में भी नया माल आ रहा है। 
भाव 
6 से 12 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली का भाव बीकानेर और जयपुर में क्रमश: 200 रुपए तथा 500 रुपए प्रति क्विंटल नरम रहा जबकि मऊरानीपुर में 400 रुपए, झांसी में 250 रुपए तथा महोबा में 100 रुपए प्रति क्विंट तेज हो गया। 
दाना 
लेकिन छिलका रहित मूंगफली के दाने की कीमतों में आमतौर पर 100-200 रुपए की गिरावट दर्ज की गई। महाराष्ट्र के जलगांव में 70/80 काउंट वाले दाने का भाव 8000 रुपए से गिरकर 7700 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। 
मूंगफली तेल 
मूंगफली तेल के दाम में 25-30 रुपए प्रति 10 किलो की गिरावट आ गई और यह 1400/1500 रुपए प्रति 10 किलो के बीच रह गया। ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव लगभग स्थिर रहा मगर फिल्टर वाला तेल 25-30 रुपए नरम पड़ गया। कमजोर मांग के कारण मूंगफली डीओसी की कीमतों में 500 से 1000 रुपए प्रति टन तक की भारी गिरावट दर्ज की गई।