साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

27-Dec-2025 07:39 PM

भारी आपूर्ति के बावजूद मूंगफली के दाम में अच्छी तेजी 

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में खरीफ कालीन मूंगफली की भारी आवक हो रही है लेकिन इसके बावजूद मिलर्स- प्रोसेसर्स, व्यापारियों / स्टॉकिस्टों एवं निर्यातकों के साथ-साथ सरकारी एजेंसियों की जोरदार खरीद के कारण इस महत्वपूर्ण तिलहन के दाम में 20-26 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। 
आवक 
मूंगफली की दैनिक आवक गुजरात के गोंडल में 80 हजार बोरी तथा राजकोट में 30 हजार बोरी और उत्तर प्रदेश के झांसी तथा महोबा में 10-10 हजार बोरी एवं मऊरानीपुर में 6 हजार बोरी तक पहुंच गई। 
भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान मूंगफली का भाव राजकोट में 500 रुपए, महोबा में 600 रुपए, झांसी में 300 रुपए, मऊरानीपुर 200 रुपए तथा बीकानेर में 100 रुपए  प्रति क्विंटल बढ़ गया जबकि सोलापुर में यह 100 रुपए नरम रहा। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली दाने के दाम में भी बीकानेर में 200-300 रुपए तथा महाराष्ट्र के सोलापुर एवं नागपुर में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इससे कारोबार बेहतर होने का स्पष्ट संकेत मिलता है।
मूंगफली तेल 
जहां तक मूंगफली तेल (लूज) का सवाल है तो गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में सीमित कारोबार के साथ इसका भाव 1550 रुपए प्रति 10 किलो के पिछले स्तर पर स्थिर रहा और 15 किलो वाले तेलिया टीन के दाम में भी कोई बदलाव नहीं हुआ लेकिन अहमदाबाद में दाम 40 रुपए गिरकर 1460 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। बीकानेर तथा नेवाई / टोंक में मूंगफली तेल की कीमत 50 रुपए बढ़कर क्रमश: 1490 रुपए एवं 1590 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। 
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल के दाम में 100 रुपए प्रति टीन (15 लीटर की) की जोरदार बढ़ोत्तरी हुई और जयपुर तथा नेवाई में फिल्टर्ड  मूंगफली तेल का मूल्य 25 से 80 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गया। बीकानेर में मूंगफली ऑयल केक का दाम भी 2000 रुपए प्रति टन बढ़कर ऊंचे स्तर पर पहुंच गया।