साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

21-Feb-2026 06:44 PM

राजकोट में जोरदार लिवाली से मूंगफली का भाव उछला 

नई दिल्ली। गुजरात की राजकोट मंडी में 18-19 फरवरी को 20-20 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई जबकि पहले 6-7 हजार बोरी की दैनिक आवक हो रही थी। आवक बढ़ने के बावजूद वहां जोरदार कारोबार होने से मूंगफली का भाव  2000 रुपए उछलकर 8000/11000 रुपए प्रति क्विंटल के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया। महाराष्ट्र के सोलापुर तथा उत्तर प्रदेश के महोबा में भी कीमत 300-300 रुपए बढ़कर क्रमश: 10300 रुपए एवं 6500/7000 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी। मगर झांसी में भाव 100 रुपए गिरकर 6200/6800 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने में कारोबार कमजोर रहने से कीमतों में नरमी का माहौल देखा गया। हालांकि मूंगफली दाने का निर्यात प्रदर्शन बेहतर चल रहा है लेकिन क्रशिंग-प्रोसेसिंग इकाइयों में मांग कुछ कमजोर देखी गई। 
मूंगफली तेल 
लूज रूप में मूंगफली तेल की मांग कम होने से गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में भाव 50 रुपए गिरकर 1700 रुपए प्रति 10 किलो रह गया। राजकोट में 15 किलो वाले तेलिया टीन में भी इतनी ही नरमी रही। इसके अलावा अहमदाबाद, चेन्नई तथा हैदराबाद सहित अन्य केन्द्रों में भी कीमतों में 20-30 रुपए की गिरावट दर्ज की गई। 
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल की 15 लीटर वाली टीन का भाव 2800 रुपए से घटकर 2750 रुपए रह गया। इसी तरह जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर्ड मूंगफली तेल का दाम 50-75 रुपए तक घट गया। समझा जाता है कि ऊंचे दाम पर मूंगफली तेल की मांग कमजोर पड़ गई जिससे कारोबार सुस्त होने से भाव कुछ नीचे आ गया।