साप्ताहिक समीक्षा-मटर
06-Dec-2025 07:58 PM
लिवाली व बिकवाली सुस्त पड़ने से मटर की कीमतों में घट बढ़
कानपुर। चालू सप्ताह के दौरान मटर बाजार में तेजी–मंदी का रुख बना रहा। ऊँचे भावों पर लिवाली सुस्त पड़ने से खरीदारों की सक्रियता घटी, जिसके चलते सप्ताहांत में गिरावट दर्ज की गयी। इसी बीच, कृषि क्षेत्र से आए ताज़ा आंकड़े उत्पादन के रुझानों पर महत्वपूर्ण संकेत दे रहे हैं। कृषि मंत्रालय के अनुसार, मौजूदा रबी सीजन में मटर की बिजाई घटकर 6.57 लाख हेक्टेयर रह गई है, जबकि पिछले वर्ष यह क्षेत्र 6.77 लाख हेक्टेयर था। यानी बिजाई में 0.20 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई है। विदेशों से पीली मटर का आयात कुछ धीमा होने और लगातार निकासी जारी रहने के कारण गुजरात के तीन प्रमुख बंदरगाहों — मूंदड़ा, कांडला और हजीरा — पर उपलब्ध स्टॉक में उल्लेखनीय कमी आई है। 3 दिसंबर 2025 को इन बंदरगाहों पर कुल 1,00,303 टन पीली मटर का स्टॉक उपलब्ध रहा। आईग्रेन इंडिया द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, मूंदड़ा पोर्ट पर पीली मटर का स्टॉक 17 नवंबर के 1,56,796 टन से घटकर 3 दिसंबर को 1,25,344 टन रह गया। कांडला बंदरगाह पर भी स्टॉक में गिरावट दर्ज की गई, जहां यह 1,36,707 टन से कम होकर 1,30,788 टन रह गया।
हजीरा बंदरगाह पर इस अवधि में पीली मटर का स्टॉक 1,13,028 टन से घटकर 96,134 टन तक सिमट गया। विश्लेषकों का कहना है कि आयात की गति में कमी और सक्रिय निकासी ने स्टॉक स्तर को निचले स्तर तक ला दिया है, जिससे आगामी बाजार गतिविधियों पर प्रभाव पड़ सकता है।
पश्चिमी कनाडा की मंडियों में पर्याप्त आपूर्ति और सीमित कारोबार के बीच मटर की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। शानदार उत्पादन और भारत में 30% आयात शुल्क के कारण व्यापारिक गतिविधियाँ सुस्त देखी जा रही हैं। स्टैट्सकैन का उत्पादन आंकड़ा जारी होने की प्रतीक्षा में उत्पादक एवं खरीदार भी सक्रियता कम रखे हुए हैं। विश्लेषकों का कहना है कि उत्पादन अनुमान में मामूली कटौती संभव है, लेकिन कीमतों में तेज वृद्धि की संभावना नहीं है, क्योंकि रूस–यूक्रेन की मटर सस्ती कीमतों पर उपलब्ध है। कनाडा में पीली मटर 7.50–8.00 डॉलर, हरी मटर 10.50–11.00 डॉलर और मापले मटर 10.00–11.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच कारोबार कर रही है।
आयातकों की बिकवाली बढ़ने व लिवाली शांत पड़ने से चालू साप्ताह के दौरान आयातित मटर की कीमतों में 25/50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी और इस गिरावट के साथ भाव सप्ताहांत में मुंबई कनाडा 3650 रुपए रूस 3550 रुपए व मुद्रा कनाडा 3525 रुपए व रूस 3450 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। लिवाली सुस्त पड़ने से चालू सप्ताह के दौरान कानपुर मटर की कीमतों में इस साप्ताह 25/50 रुपए प्रति क्विंटल की घट बढ़ देखी गयी और भाव सप्ताहांत में 3850/3875 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। लिवाली बनी रहने से ललितपुर मटर की कीमतों में भी इस साप्ताह 150 रुपए प्रति क्विंटल तेजी के साथ भाव सप्ताहंत में 3350/3650 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार महोबा मटर में भी इस साप्ताह 30000 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त के साथ भाव सप्ताहंत में 3500/3900 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी। बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली बढ़ने उरई मटर में भी इस साप्ताह ५० रुपए प्रति क्विंटल बढ़कर सप्ताहांत में 3400/3500 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी। इसी प्रकार मऊरानीपुर मटर मे भी 150 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गयी और इस बढ़ोतरी के साथ भाव सप्ताहंत में 3400/3500 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। मांग बनी रहने से मध्य प्रदेश मटर की कीमतों में इस साप्ताह 150/200 रुपए प्रति क्विंटल का क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और भाव सप्ताहांत में बीना 3300/3600 रुपए व दमोह 3500/3575 रुपए प्रति क्विंटल हो गए।
मटर दाल
मांग सुस्त बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में कोई घट बढ़ नहीं देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4100/4200 रुपए व इंदौर 4300/4400 रुपए प्रति क्विंटल स्थिर रह गयी।
