साप्ताहिक समीक्षा-सरसों
05-Apr-2025 07:21 PM
जोरदार आवक एवं सीमित सरकारी खरीद से सरसों का भाव नरम
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों- राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा एवं गुजरात की मंडियों में सरसों के नए माल की जोरदार आवक हो रही है और इसकी क्वालिटी भी काफी अच्छी बताई जा रही है। यद्यपि क्रशर्स- प्रोसेसर्स एवं व्यापारी / स्टॉकिस्ट इसकी अच्छी मात्रा में खरीद कर रहे हैं लेकिन आपूर्ति की तुलना में मांग एवं उठाव कम है। केन्द्र सरकार ने विशाल मात्रा में सरसों खरीदने का ऐलान किया है और विभिन्न राज्यों में खरीद की मात्रा भी नियत कर रही है लेकिन खरीद की प्रक्रिया अभी तक जोर नहीं पकड़ पाई है। इसके फलस्वरूप 29 मार्च से 4 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान सामान्य औसत क्वालिटी वाली सरसों के दाम में नरमी दर्ज की गई।
42% कंडीशन सरसों
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 100 रुपए बढ़कर 6200 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 25 रुपए सुधरकर 6300/6325 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर सामान्य औसत क्वालिटी वाली सरसों का दाम गुजरात के डीसा एवं धनेरा में 50-50 रुपए प्रति क्विंटल घट गया। हरियाणा की मंडियों में 100-110 रुपए की गिरावट रही अगर सिरसा में भाव 100 रुपए बढ़कर 5700/6000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। मध्य प्रदेश के मुरैना एवं पोरसा में दाम 25-50 रुपए सुधरा मगर ग्वालियर में 50 रुपए गिर गया।
राजस्थान
सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- राजस्थान में सरसों की कीमतों में काफी गिरावट रही। वहां बूंदी मंडी में भाव 400 रुपए नीचे लुढ़क गया। इसके अलावा भरतपुर में 137 रुपए एवं खैरथल में 100 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी रही लेकिन बीकानेर में 100 रुपए की तेजी देखी गई। उत्तर प्रदेश की हापुड़ मंडी में सरसों का दाम 50 रुपए नरम पड़ कर 6300 रुपए प्रति क्विंटल पर आया जबकि आगरा मंडी में यह 6600-6800 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा।
आवक
हालांकि प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में 29 एवं 31 मार्च को 5-5 लाख बोरी सरसों की आवक हुई मगर 1 अप्रैल को यह उछलकर 14 लाख बोरी पर पहुंच गई। इसके बाद पुनः घटते हुए 2 अप्रैल को 13.25 लाख बोरी, 3 अप्रैल को 8 लाख बोरी एवं 4 अप्रैल को 7 लाख बोरी पर अटक गई।
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल एवं डीओसी में सीमित कारोबार होने से कीमतों में मुख्यतः नरमी ही देखी गई। दिल्ली में सरसों खल का भाव 20-40 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहा मगर मध्य प्रदेश के मुरैना एवं राजस्थान के भरतपुर, अलवर एवं खैरथल में यह नरम पड़ गया।
