साप्ताहिक समीक्षा- सरसों

28-Jun-2025 07:46 PM

मिलर्स एवं व्यापारियों की मजबूत मांग से सरसों के दाम में सुधार  

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण थोक मंडियों में सामान्य आवक के साथ मिलर्स एवं व्यापारियों की मजबूत मांग के सहारे सरसों का भाव 21-27 जून वाले सप्ताह के दौरान 50-100 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहा। दिलचस्प तथ्य यह है कि अधिकांश मंडियों में सरसों का दाम न्यूनतम समर्थन मूल्य (5950 रुपए  प्रति क्विंटल) से ऊंचा है और इसलिए सरकारी एजेंसियों को इसकी विशाल खरीद करने की जरूरत नहीं पड़ी। आगे भी इसमें नरमी आने की संभावना कम है। 
42% कंडीशन सरसों 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव यद्यपि दिल्ली में 100 रुपए घटकर 6500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया मगर जयपुर में 100 रुपए बढ़कर 6925/6950 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
गुजरात / एमपी / हरियाणा 
गुजरात की मंडियां भी कुछ नरम रही लेकिन हरियाणा एवं मध्य प्रदेश की विभिन्न मंडियों में सरसों के दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। हरियाणा के सिरसा में भाव 200 रुपए बढ़कर 6400 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। मध्य प्रदेश की मुरैना, पोरसा एवं ग्वालियर मंडी में 100 रुपए की तेजी रही। 
राजस्थान  
इसी तरह सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- राजस्थान में सरसों की कीमत 50-100 रुपए प्रति क्विंटल ऊंची देखी गई। केवल बीकानेर में सरसों का दाम न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी नीचे यानी 4500/5000 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर बना हुआ है। सरसों का मूल्य उत्तर प्रदेश के हापुड़ में 6900 रुपए प्रति क्विंटल एवं आगरा में 7200/7550 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। 
सरसों तेल 
सरसों की कीमतों में सुधार आने से सरसों तेल एक्सपेलर एवं कच्ची घानी के दाम में भी अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। दिल्ली में एक्सपेलर का दाम 35 रुपए बढ़कर 1445 रुपए प्रति 10 किलो, जयपुर में 45 रुपए 1445 रुपए प्रति 10 किलो तथा भरतपुर में 55 रुपए उछलकर 1480 रुपए प्रति 10 किलो हो गया।
आवक 
प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में 21 जून को 4 लाख बोरी, 23-24 जून को 4.75-4.75 लाख बोरी, 25 जून को 3.85 लाख बोरी तथा 26 एवं 27 जून को 4.50-4.50 लाख बोरी सरसों की आवक हुई जिसे इस समय के लिए सामान्य माना जा सकता है। सरसों की प्रत्येक बोरी 50 किलो की होती है। 
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल में सीमित कारोबार होने से कीमतों में मिश्रित रुख देखा गया। दिल्ली में इसका दाम 10-20 रुपए प्रति क्विंटल नरम रहा मगर जयपुर में 15 रुपए सुधर गया कोटा में एक प्लांट में सरसों डीओसी का भाव 200 रुपए सुधरकर 15300 रुपए प्रति टन पर पहुंचा। चीन में सरसों खल की अच्छी मांग बनी हुई है।