साप्ताहिक समीक्षा-सोयाबीन
05-Apr-2025 07:02 PM
साप्ताहिक समीक्षा-सोयाबीन
सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी भाव एमपी- राजस्थान में नरम मगर महाराष्ट्र में तेज
नई दिल्ली। यद्यपि सोयाबीन की आपूर्ति का पीक सीजन लगभग खत्म हो गया है लेकिन मंडियों में अब भी इसके दाम में अपेक्षित तेजी नहीं आई है। सरकारी एजेंसियों द्वारा रिकॉर्ड मात्रा में की गई खरीद से भी कीमतों पर विशेष सकारात्मक असर नहीं पड़ा।
प्लांट डिलीवरी भाव
29 मार्च से 4 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी भाव मध्य प्रदेश (एमपी) एवं राजस्थान में नरम रहा मगर महाराष्ट्र में प्लांटों की अच्छी खरीदारी से कीमतों में कुछ सुधार दर्ज किया गया। सभी राज्यों में सोयाबीन का भाव 4892 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी पीछे चल रहा है। महाराष्ट्र में प्लांट डिलीवरी मूल्य 4550-4650 रुपए के बीच पहुंच गया है।
सोया तेल (रिफाइंड)
सोया रिफाइंड तेल की मांग कमजोर रही जिससे कीमतों में 1 से 3 रुपए प्रति किलो तक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि मुम्बई में इसका दाम 10 रुपए सुधरकर 1290 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा मगर कांडला एवं हल्दिया में 5-5 रुपए नरम पड़ गया। सोया रिफाइंड तेल का भाव विभिन्न मिलों में 1280 से 1305 रुपए प्रति 10 किलो के बीच दर्ज किया गया।
आवक
प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में 2 अप्रैल को 1.40 लाख बोरी तथा 3 अप्रैल को 1.65 लाख बोरी सोयाबीन की आवक हुई जबकि प्रत्येक बोरी 100 किलो की होती है।
सोया डीओसी
सोया डीओसी में घरेलू खपतकर्ता उद्योगों के साथ-साथ निर्यातकों की भी अच्छी मांग देखी गई जिससे इसकी कीमतों में 1000 से 2500 रुपए प्रति टन तक की तेजी रही। मध्य प्रदेश की एक मिल में भाव 4400 रुपए उछलकर 29300/32900 रुपए प्रति टन पर पहुंच गया। नीचे दाम पर पशु आहार एवं पॉल्ट्री फीड निर्माण उद्योग में भी सोयामील की मांग अच्छी रही। इससे सोया क्रशिंग प्लांटों को थोड़ी राहत मिली।
सोया तेल
विदेशों में सोया तेल का भाव सीमित दायरे में ऊपर- नीचे हो रहा है। उद्योग- व्यापार क्षेत्र के समीक्षकों ने मार्च में सोयाबीन तेल का आयात बढ़ने का अनुमान लगाया है। सोयाबीन की बिजाई जून में आरंभ होगी। सरकारी एजेंसी के पास सोयाबीन का अत्यन्त विशाल स्टॉक मौजूद है।
