साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन
06-Dec-2025 07:11 PM
नीचे दाम पर थोड़ी-बहुत लिवाली होने से सोयाबीन में सीमित तेजी
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद जारी रहने से सोयाबीन के दाम में 29 नवम्बर- 5 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान आमतौर पर 40-60 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी रही जबकि मध्य प्रदेश में नीचे मूल्य पर मिलर्स की लिवाली से कीमतों में सुधार दर्ज किया गया।
प्लांट भाव
सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी भाव सुधरकर मध्य प्रदेश में 45-75 रुपए प्रति क्विंटल तथा महाराष्ट्र में 4700 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर फिर भी 5328 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी नीचे रहा। विदेशों से सस्ते सोया तेल को भारी आयात का दबाव घरेलू बाजार पर पड़ रहा है जबकि प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में सोयाबीन की अच्छी आवक भी हो रही है।
आवक
राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन की आवक 3 दिसम्बर को 7.25 लाख बोरी पर पहुंची मगर 4 दिसम्बर को घटकर 6.20 लाख बोरी एवं 5 दिसम्बर को गिरकर 4.90 लाख बोरी रह गई। प्रत्येक बोरी 100 किलो (1 क्विंटल) की होती है।
सोया खल (डीओसी)
सोया डीओसी का कारोबार मध्य प्रदेश में कम हुआ जबकि महाराष्ट्र में बेहतर रहा। महराष्ट्र में इसके दाम में मिश्रित रुख देखा गया। वहां इसकी कीमतों में 200-300 रुपए प्रति टन की नरमी से लेकर 1500 रुपए प्रति टन तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
सोया तेल (रिफाइंड)
लेकिन सोया रिफाइंड तेल की कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया और काफी हद तक इसमें स्थिरता बनी रही। कहीं-कहीं इसमें 5-10 रुपए प्रति 10 किलो की तेजी रही। मुम्बई में रिफाइंड सोया तेल का दाम 100 रुपए बढ़कर 1250 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा जबकि कोटा में यह 1280 रुपए तथा कांडला में 1245 रुपए प्रति 10 किलो के पुराने स्तर पर स्थिर रहा। आगामी समय में सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी मूल्य निश्चित दायरे में घूमता रह सकता है।
