साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल

31-May-2025 09:12 PM

मिलर्स तथा निर्यातकों की थोड़ी-बहुत लिवाली से धान चावल के दाम में सुधार 

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण थोक मंडियों में सामान्य श्रेणी के धान की नगण्य आवक हो रही है मगर बासमती धान तथा 'ए' ग्रेड के गैर बासमती धान की आपूर्ति होने से इसमें थोड़ा-बहुत कारोबार हो रहा है। 
दिल्ली 
24 से 30 मई वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 4000 से 8000 बोरी के बीच धान की दैनिक आवक हुई लेकिन कारोबार कम होने से 1509 हैण्ड का भाव 70 रुपए गिरकर 3020 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
छत्तीसगढ़ 
उधर छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में धान की दैनिक आवक 10-12 हाजर बोरी दर्ज की गई लेकिन केवल महामाया धान का दाम 100 रुपए सुधरकर 2200/2300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा / राजिम मंडी में 8 से 12 हजार बोरी की दैनिक आवक के साथ बीपीटी धान का भाव 120 रुपए बढ़कर 2050 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी, शाहजहांपुर तथा अलीगढ़ में सीमित मात्रा में धान की आवक हो रही है और कारोबार धीमा होने से भाव या तो स्थिर है या कुछ नरम पड़ गया है। राजस्थान की बूंदी एवं कोटा मंडी में धान की अच्छी आपूर्ति हो रही है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान बूंदी मंडी में सप्ताह के शुरूआती दो दिन 10-15 हजार बोरी धान की आवक और बाद में यह घटकर 5-6 हजार बोरी पर अटक गई। मिलर्स एवं निर्यातकों की अच्छी मांग के कारण वहां कीमत में 50-100 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया। इसी तरह कोटा मंडी में 5000-6000 बोरी धान की औसत दैनिक आवक के साथ इसके दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी हुई। महाराष्ट्र की गोंदिया मंडी में 3000 बोरी धान की रोजाना आवक हो रही है। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो इसमें निर्यातकों एवं दिसावरी व्यापारियों की थोड़ी-बहुत मांग निकल रही है। इससे कीमतों में स्थिरता या तेजी देखी जा रही है। आलोच्य सप्ताह के दौरान अमृतसर में 1509 सेला चावल का भाव 150 रुपए बढ़कर 6100/6150 रुपए तथा 1718 सेला का दमा 100 रुपए उछलकर 6500/6550 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
उत्तराखंड 
उत्तराखंड की नगर मंडी में भी 1121 सेला, 1509 सेला एवं 1509 स्टीम चावल के दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ जबकि कुछ अन्य चावल का भाव 50-100 रुपए ऊंचा रहा। राजस्थान के बूंदी, हरियाणा के करनाल तथा दिल्ली के नया बाजार में चावल के दाम में 100 से 300 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई।