साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

14-Feb-2026 08:25 PM

मिलर्स एवं निर्यातकों की अच्छी लिवाली से धान-चावल का भाव तेज  

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में खरीफ कालीन धान और खासकर बासमती की आवक घटने लगी है जबकि गैर बासमती या सामान्य श्रेणी के धान की आपूर्ति पहले ही लगभग बंद हो चुकी है। चावल की घरेलू एवं निर्यात मांग मजबूत हो गई है। लग्नसरा एवं मांगलिक उत्सवों का सीजन होने से बासमती तथा 'ए' ग्रेड के सामान्य चावल की घरलू मांग बढ़ रही है। इसी तरह खाड़ी क्षेत्र के मुस्लिम बहुल देशों में बासमती चावल में रमजान की जोरदार मांग निकलने की उम्मीद है जिसके लिए प्रोसेसर्स एवं निर्यातक अच्छी तैयारी कर रहे हैं। अमरीका को भी निर्यात अब पटरी पर लौटने की संभावना है। 
आवक 
7-13 फरवरी वाले सप्ताह के दौरान 10-15 हजार बोरी धान की रोजाना आवक हुई मगर खरीद बिक्री सीमित होने से कीमतों में 25-50 रुपए का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। नजफगढ़ मंडी में 2-3 हजार बोरी की दैनिक आवक के साथ कीमतों में बढ़त रही। 
छत्तीसगढ़ 
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडियों में क्रमश: 5-6 हजार बोरी एवं 500-1000 बोरी धान पहुंचता रहा। उत्तर प्रदेश की विभिन्न मंडियों- एटा, मैनपुरी, जहांगीराबाद, शाहजहांपुर, अलीगढ़ एवं खैर में धान की सामान्य आवक जारी है लेकिन बेहतर कारोबार के कारण कीमतों में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। 
हरियाणा 
हरियाणा की तरावड़ी मंडी में भी रोजाना 2-3 हजार बोरी धान की आवक हुई और कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी देखी गई। टोहाना में 9 फरवरी को 3000 बोरी धान गया था। राजस्थान की बूंदी मंडी में 25-30 हजार बोरी धान की भारी दैनिक आवक हुई मगर सीमित कारोबार के बीच कीमत 100-150 रुपए प्रति क्विंटल नरम पड़ गई। वहीं कोटा मंडी में 30-35 हजर बोरी धान की रोजाना आपूर्ति के बावजूद भाव 200-300 रुपए प्रति क्विंटल तेज हो गया। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो इसका कारोबार पुनः जोर पकड़ने लगा है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान पंजाब के अमृतसर में चावल के दाम में आमतौर पर 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी रही जबकि एक-दो किस्मों की कीमत 100 रुपए नरम रही। 
उत्तराखंड 
उत्तराखंड की नगर मंडी में भी चावल के मूल्य में 250 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी दर्ज की गई। वहां लगभग सभी किस्मों के चावल में खरीदारों की अच्छी मांग देखी गई। इसी तरह राजस्थान की बूंदी मंडी में मजबूत कारोबार के साथ चावल का भाव तेज रहा लेकिन हरियाणा की करनाल मंडी में काफी हद तक स्थिरता देखी गई। दिल्ली के नया बाजार में 1121 स्टीम चावल का भाव 300 रुपए की वृद्धि के साथ 9000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।