सीसीआई द्वारा चालू सीजन में अब तक 31 लाख गांठ से अधिक कपास की खरीद

17-Dec-2024 08:36 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय कपड़ा मंत्रालय की अधीनस्थ एजेंसी- भारतीय कपास निगम (सीसीआई) द्वारा 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 31 लाख गांठ (170 किलो की प्रत्येक गांठ) से कुछ अधिक कपास की खरीद की जा चुकी है जो मंडियों में हुई कुल आवक का लगभग एक-तिहाई भाग है।

सीसीआई के चेयरमैन- यह मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) के अनुसार चालू सीजन में किसानों से 14 दिसम्बर 2024 तक न्यूतनम समर्थन मूल्य पर 31 लाख गांठ कपास की खरीद की गई।

इसका अधिकांश भाग तेलंगाना तथा महाराष्ट्र में खरीदा गया एजेंसी अन्य उत्पादक राज्यों में भी कपास की खरीद में सक्रिय है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 14 दिसम्बर 2024 तक तेलंगाना में 19.94 लाख गांठ, महाराष्ट्र में 5.42 लाख गांठ, आंध्र प्रदेश में 1.80 लाख गांठ तथा कर्नाटक में 1.66 लाख गांठ से कुछ अधिक कपास की खरीद की गई।

इससे किसानों को काफी राहत मिली। देश के सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- गुजरात में समर्थन मूल्य पर 88,506 गांठ, मध्य प्रदेश में 86,882 गांठ, उड़ीसा में 21,148 गांठ, राजस्थान में 13,507 गांठ, हरियाणा में 5576 गांठ तथा पंजाब में 279 गांठ कपास खरीदी गई।

दिलचस्प तथ्य यह है कि इस बार पश्चिम बंगाल में भी करीब 234 गांठ कपास की खरीद हुई जबकि वह महत्वपूर्ण उत्पादक राज्यों की सूची में शामिल नहीं है। उड़ीसा तथा बंगाल जैसे राज्यों में बीटी कॉटन की खेती नहीं होती है। 

उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर मीडियम रेशे वाली किस्म के लिए 7121 रुपए प्रति क्विंटल तथा लम्बे रेशे वाली श्रेणी के लिए 7521 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

यह समर्थन मूल्य पिछले सीजन से करीब 7 प्रतिशत ज्यादा है। 2023-24 के मार्केटिंग सीजन के दौरान सीसीआई द्वारा कुल 33 लाख गांठ कपास की खरीद की गई थी

जबकि चालू सीजन की खरीद उससे आगे निकल जाने की संभावना है क्योंकि अनेक मंडियों में भाव अब भी समर्थन मूल्य से नीचे चल रहा है। सीसीआई के सीएमडी ने पहले 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में कपास की कुल सरकारी खरीद 50 से 70 लाख गांठ के बीच पहुंचने का अनुमान व्यक्त किया था।