सितम्बर में पेट्रोल में एथनॉल का मिश्रण 15.90 प्रतिशत पर पहुंचा
17-Oct-2024 08:31 PM
नई दिल्ली । सितम्बर 2024 में पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का स्तर बढ़कर 15.90 प्रतिशत पर पहुंच गया जबकि चालू मार्केटिंग सीजन के आरम्भिक 11 महीनों में यानी नवम्बर 2023 से सितम्बर 2024 के दौरान कुल मिलाकर यह मिश्रण 13.80 प्रतिशत दर्ज किया गया। अक्टूबर का आंकड़ा सामने आना अभी बाकी है और उसके आने पर ही पूरे मार्केटिंग सीजन के मिश्रण का पता चल सकेगा।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार सितम्बर 2024 के दौरान एथनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम (ईबीपी) के तहत तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) द्वारा 58.6 करोड़ लीटर एथनॉल प्राप्त किया गया जबकि नवम्बर 2023 से सितम्बर 2024 के दौरान इसकी कुल खरीद 585.20 करोड़ लीटर पर पहुंच गई।
इसी तरह सितम्बर में 62.40 करोड़ लीटर एथनॉल को पेट्रोल में मिश्रित किया गया जबकि नवम्बर 2023 से सितम्बर 2024 के दौरान कुल मिलाकर 607.40 करोड़ लीटर एथनॉल का मिश्रण पेट्रोल में हुआ।
उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने वर्ष 2025 तक पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य निर्धारित किया है और उसे यह लक्ष्य हासिल हो जाने का भरोसा भी है।
इस लक्ष्य में गन्ना के साथ-साथ अनाज से निर्मित एथनॉल भी शामिल है। इसके लिए सरकार ने चीनी मिलों एवं डिस्टीलरिज को गन्ना के उपयोग की खुली छूट दे दी है और साथ ही साथ एथनॉल के निर्माण में मक्का के इस्तेमाल को काफी प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।
तेल विपणन कंपनियों ने एथनॉल आपूर्ति वर्ष 2024-25 के लिए 916 करोड़ लीटर डिनेचर्ड एन हाइड्रस एथनॉल की आपूर्ति के लिए टेंडर आमंत्रित किया है जबकि आपूर्तिकर्ताओं द्वारा इससे अधिक मात्रा में आपूर्ति का रिस्पांस दिया गया है।
समूचे देश के निर्माताओं द्वारा कुल मिलाकर 970 करोड़ लीटर से अधिक एथनॉल की आपूर्ति का ऑफर दिया गया है।
