चीनी का घरेलू उत्पादन 275.28 लाख टन पर पहुंचा

30-Apr-2026 12:46 PM

नई दिल्ली। इंडियन शुगर एडं बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में चीनी का कुल घरेलू उत्पादन बढ़कर 275.28 लाख टन पर पहुंच गया है जो 2024-25 सीजन की समान अवधि के उत्पादन 256.49 लाख टन से 7 प्रतिशत अधिक है। फिलहाल देश में 5 चीनी मिलें सक्रिय हैं जबकि पिछले साल 19 चीनी मिलों में इस समय तक गन्ना की क्रशिंग हो रही थी।

हालांकि समीक्षाधीन अवधि के दौरान उत्तर प्रदेश में चीनी का उत्पादन 92.40 लाख टन से घटकर 89.65 लाख टन पर अटक गया और वहां तमाम इकाइयां भी बंद हो चुकी है। जबकि पिछले साल 10 मिलें गन्ना की क्रशिंग कर रही थीं लेकिन दूसरी ओर महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में चीनी के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है।

महाराष्ट्र में चीनी का उत्पादन 80.93 लाख टन से उछलकर 99.20 लाख टन तथा कर्नाटक में 40.40 लाख टन से बढ़कर 48.01 लाख टन पर पहुंच गया। इन दोनों राज्यों में भी सभी चीनी मिलों में ताले पड़ चुके हैं। लेकिन कर्नाटक में जून-जुलाई से चीनी उत्पादन का  विशेष सत्र आयोजित होने वाला है और तब कुछ मिलों में गन्ना की क्रशिंग आरंभ हो सकती है।

इस अवधि में तमिलनाडु की कुछ इकाइयों में भी गन्ना की क्रशिंग होगी। आमतौर पर इस विशेष सत्र के दौरान कर्नाटक एवं तमिलनाडु में करीब 4-5 लाख टन चीनी का उत्पादन होता है। यदि इसे भी जोड़ दिया जाए तो 2025-26 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन में चीनी का कुल उत्पादन 280 लाख टन के करीब पहुंच सकता है। 

फिलहाल केवल तमिलनाडु में पांच चीनी मिलें सक्रिय हैं। चालू सीजन के दौरान गुजरात में 7.20 लाख टन, तमिलनाडु में 5.38 लाख टन और देश के अन्य राज्यों में 25.84 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है।