गेहूं की सरकारी खरीद 200 लाख टन के पार- फिर भी गत वर्ष से पीछे
30-Apr-2026 11:10 AM
नई दिल्ली। पंजाब एवं हरियाणा में जोरदार खरीदारी होने से राष्ट्रीय स्तर पर इस वर्ष 27 अप्रैल तक गेहूं की कुल सरकारी खरीद 212.09 लाख टन पर पहुंची मगर फिर भी पिछले साल की समान अवधि की खरीद 240.50 लाख टन से 28.41 लाख टन पीछे रह गई।
समीक्षाधीन अवधि के दौरान केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की खरीद पंजाब में 95.15 लाख टन से बढ़कर 103.40 लाख टन तथा हरियाणा में 63.70 लाख टन से उछलकर 74.26 लाख टन पर पहुंच गयी। हरियाणा में गेहूं की खरीद 72 लाख टन के नियत लक्ष्य को पार कर गई है इसलिए सरकार को लक्ष्य बढ़ाना पड़ेगा।
हरियाणा में पिछले रबी मार्केटिंग सीजन में कुल मिलाकर 71.43 लाख टन गेहूं खरीदा गया था जबकि मौजूदा सीजन की खरीद उससे करीब 3 लाख टन बढ़ चुकी है और खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है। पंजाब में भी नियत लक्ष्य के सापेक्ष 85 प्रतिशत गेहूं खरीदा जा चुका है।
दूसरी ओर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान में गेहूं खरीद की स्थिति संतोषजनक नहीं है जबकि हाल ही में खाद्य मंत्रालय ने वहां इसके लक्ष्य में भारी बढ़ोत्तरी कर दी है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले चालू रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान गेहूं की सरकारी खरीद मध्य प्रदेश में 63.88 लाख टन से लुढ़ककर 19.30 लाख टन, राजस्थान में 10.60 लाख टन से घटकर 8.54 लाख टन तथा उत्तर प्रदेश में 6.95 लाख टन से गिरकर 6.10 लाख टन रह गई।
अन्य छोटे-छोटे योगदानकर्ता राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों में गेहूं की खरीद सामान्य रूप से हो रही है। राष्ट्रीय स्तर पर 27 अप्रैल तक हुई कुल सरकारी खरीद में सामान्य औसत क्वालिटी (एफएक्यू) के गेहूं की मात्रा 201.20 लाख टन तथा यूआरएस गेहूं की मात्रा 10.85 लाख टन दर्ज की गई। तमाम राज्यों में गेहूं की खरीद अभी जारी है।
