तेलंगाना से फिलीपींस को चावल का निर्यात शुरू

01-Apr-2025 01:31 PM

हैदराबाद। दक्षिण भारत के सबसे प्रमुख धान उत्पादक राज्य- तेलंगाना से दक्षिण- पूर्व एशिया में स्थित देश- फिलीपींस को चावल का निर्यात आरंभ हो गया है। फिलीपींस द्वारा तेलंगाना से एक लाख टन चावल के आयात का अनुबंध किया गया था

और इसकी पहली खेप के रूप में 31 मार्च 2025 को आंध्र प्रदेश के काकीनाडा बंदरगाह से 12,500 टन के स्टॉक का शिपमेंट हो गया। तेलंगाना के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने जहाज को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

तेलंगाना देश के तीन शीर्ष चावल उत्पादक राज्यों में सम्मिलित है और वहां इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का अधिशेष स्टॉक उपलब्ध रहता है।

इस स्टॉक की बिक्री के लिए तेलंगाना सरकार की नजर वैश्विक निर्यात बाजार पर केन्द्रित रहती है। फिलीपींस इस बार इस अधिशेष चावल के निर्यात का अवसर मिल रहा है। इससे राज्य सरकार को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

राज्य सरकार का कहना है कि कुछ अन्य देशों में भी चावल का निर्यात करने का प्लान है और इसके लिए प्रयास जारी है।

तेलंगाना में फाइन क्वालिटी के चावल का भारी उत्पादन होता है और विदेशों में इसकी अच्छी मांग रहती है। प्राइवेट व्यापारी भी वहां से दुनिया को अनेक देशों में चावल का निर्यात करते हैं। 

भारत सरकार सभी किस्मों एवं श्रेणियों के चावल के निर्यात को नियंत्रणों- प्रतिबंधों एवं शुल्कों से पहले ही मुक्त कर चुकी है इसलिए अब इसके शिपमेंट में कोई समस्या नहीं आ रही है।

भारतीय चावल का भाव काफी हद तक प्रतिस्पर्धी बना हुआ है।  फिलीपींस संसार के सबसे प्रमुख चावल आयातक देशों में से एक है।

वहां मुख्यतः वियतनाम एवं थाईलैंड से चावल मंगाता है। इसके अलावा वहां म्यांमार, कम्बोडिया, पाकिस्तान एवं म्यांमार से भी चावल का आयात होता है। अब भारत से भी वहां चावल का निर्यात होने लगा है।