तुवर, चना एवं मसूर का उत्पादन बढ़ने का अनुमान

11-Mar-2025 12:23 PM

नई दिल्ली। खरीफ सीजन की सबसे महत्वपूर्ण दलहन फसल- अरहर (तुवर) एवं रबी सीजन की दोनों प्रमुख दलहन फसल- चना तथा मसूर के घरेलू उत्पादन में इस बार बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाया गया है।

हालांकि चना के बिजाई क्षेत्र में कुछ कमी आ गई और मसूर का क्षेत्रफल भी नहीं बढ़ सका लेकिन सरकार ने इसकी औसत उपज दर ऊंची रहने की संभावना व्यक्त करते हुए इसके कुल उत्पादन में इजाफा होने का अनुमान लगाया है। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा जारी दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार तुवर का घरेलू उत्पादन 2023-24 सीजन के 34.20 लाख टन से 9 हजार टन बढ़कर 2024-25 के वर्तमान सीजन में 35.10 लाख टन पर पहुंच सकता है।

इसी तरह चना का उत्पादन 110.40 लाख टन से 5 लाख टन उछलकर 115.40 लाख टन तथा मसूर का उत्पादन 17.90 लाख टन से 30 हजार टन सुधरकर 18.20 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है। 

उद्योग- व्यापार समीक्षकों ने तुवर का उत्पादन सरकारी अनुमान से ज्यादा तथा चना एवं मसूर का उत्पादन कम होने की संभावना व्यक्त की है। यद्यपि तुवर खरीफ कालीन फसल है मगर इसकी परिपक्वता अवधि लम्बी होने से फसल की कटाई-तैयारी दिसम्बर-जनवरी में शुरू होती है।

अभी इसके नए माल की अच्छी आवक हो रही है जबकि रबी सीजन के दलहन-चना का नया माल भी आने लगा है। जल्दी ही मसूर की जोरदार आवक भी शुरू होने वाली है। 

कृषि मंत्रालय के मुकाबले इससे पूर्व तुवर का उत्पादन 2022-23 के सीजन में 33.10 लाख टन, 2021-22 में 42.10 लाख टन तथा 2020-21 के सीजन में 43.20 लाख टन दर्ज किया गया था।

इसी तरह चना का घरेलू उत्पादन 2020-21 में 119.10 लाख टन, 2021-22 में 135.40 लाख टन तथा 2022-23 में 122.70 लाख टन आंका का गया था।

जहां तक मसूर की बात है तो इसका उत्पादन 2022-23 के रबी सीजन में 15.60 लाख टन, 2021-22 में 12.70 लाख टन तथा 2020-21 के सीजन में 14.90 लाख टन होने का अनुमान लगाया गया था।