थोड़ी-बहुत खरीद-बिक्री होने से कनाडा में मटर का भाव स्थिर
11-Dec-2025 08:37 PM
रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में चालू सप्ताह के दौरान मटर की कीमतों में काफी हद तक स्थिरता देखी जा रही है क्योंकि कुछ खास किस्मों / श्रेणियों के उत्पाद में थोड़ी - बहुत खरीद बिक्री हो रही है। नम्बर 2 ग्रेड की पीली मटर के लिए उत्पादक मंडियों में उठाव हेतु भाव 7.00-7.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच स्थिर बना हुआ है।
जिस मटर में ग्लायफोसेट रसायन का अंश मौजूद नहीं है उसमें थोड़ा-बहुत कारोबार हो रहा है जिससे उसका दाम 7.50 डॉलर प्रति बुशेल के आसपास पहुंच गया है। सामान्य श्रेणी की पीली मटर में मांग कमजोर है और कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं देखा जा रहा है।
जहां तक हरी मटर की बात है तो इसकी कीमत 10 डॉलर प्रति बुशेल के करीब देखी जा रही है। इस हरी मटर के जिस स्टॉक में चिपटे या छोटे दाने का अंश 3 प्रतिशत से कम है उसका बिक्री मूल्य 10 डॉलर प्रति बुशेल से कुछ ऊपर रखने का प्रयास किया जा रहा है और उत्पादकों को कुछ बेहतर मूल्य प्राप्त होने की उम्मीद है।
खरीदार इस अच्छी क्वालिटी की हरी मटर की लिवाली में थोड़ी बहुत दिलचस्पी दिखा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि भारत में हरी मटर का आयात नहीं होता है क्योंकि यहां सिर्फ पीली मटर के आयात की अनुमति दी गई है। इसी तरह मापले मटर का भाव स्थान एवं किस्म के आधार पर 10 से 11 डॉलर प्रति बुशेल के बीच चल रहा है।
हालांकि भारत में 1 नवम्बर 2025 से पीली मटर के आयात पर 30 प्रतिशत का सीमा शुल्क प्रभावी हो चुका है लेकिन इसके बावजूद देश में अच्छी मात्रा में इसे मंगाने का सिलसिला जारी है क्योंकि 31 अक्टूबर तक के बिल ऑफ लेडिंग वाले माल की आवक निरन्तर जारी रहेगी। 1 नवम्बर के बाद के सौदे पर नया शुल्क लागू होगा।
भारत में मटर की बिजाई तो जोर-शोर से आरंभ हुई थी और 30 प्रतिशत का आयात शुल्क लगने के बाद बिजाई की रफ्तार और भी बढ़ने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि उसका क्षेत्रफल गत वर्ष से पीछे हो गया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चालू रबी सीजन के दौरान मटर का उत्पादन क्षेत्र 7.18 लाख हेक्टेयर तक पहुंच सका जो सामान्य औसत क्षेत्रफल 6.50 लाख हेक्टेयर से तो 68 हजार हेक्टेयर ज्यादा है मगर पिछले साल के बिजाई क्षेत्र 7.85 लाख हेक्टेयर से 67 हजार हेक्टेयर कम है। बिजाई का यह आंकड़ा 5 दिसम्बर तक का है।
