दक्षिण अमरीका महाद्वीप में सोयाबीन का उत्पादन बढ़ने के संकेत
30-Apr-2026 08:41 PM
साओ पाउलो। दक्षिण अमरीका महाद्वीप में 2025-26 सीजन के दौरान सोयाबीन का सकल उत्पादन तेजी से बढ़कर 25 करोड़ टन के आसपास पहुंच जाने का अनुमान है जो संयुक्त राज्य अमरीका के उत्पादन से करीब दोगुना है।
इसके तहत ब्राजील में 17.90 करोड़ टन तथा अर्जेन्टीना में 4.80 करोड़ टन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की गई है। इसके अलावा उरुग्वे तथा पराग्वे जैसे देशों में औसतन 100-100 लाख टन सोयाबीन का उत्पादन होने की उम्मीद है। शेष उत्पादन अन्य देशों में हुआ है।
ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां इस फसल की कटाई-तैयारी बिल्कुल अंतिम चरण में पहुंच गई है और अगले 10 दिन में समाप्त हो सकती है। ध्यान देने वाली बात है कि ब्राजील में 15 मई से "सोयाबीन मुक्त अवधि" आरंभ हो जाएगी जो कमोबेश 15 सितम्बर तक जारी रहेगी।
इस अवधि के दौरान ब्राजील में सोयाबीन का एक भी जीवित पौधा नहीं छोड़ा जाता है। अर्जेन्टीना में अभी सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी जोर-शोर से जारी है जबकि उरुग्वे एवं पराग्वे सहित अन्य देशों में मुख्य सीजन की फसल काटी जा चुकी है। भारत में अर्जेन्टीना एवं ब्राजील से विशाल मात्रा में सोया तेल मंगाया जाता है।
