दक्षिण भारत के जलाशयों में 60 प्रतिशत से भी कम पानी मौजूद
06-Feb-2026 07:49 PM
चेन्नई। दक्षिण भारत के राज्यों के बांधों में- जलाशयों में पानी का स्तर जिस तेज गति से घट रहा है उससे वहां गंभीर चिंता उत्पन्न होने लगी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दक्षिणी संभाग के 47 प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 32.710 अरब घन मीटर (बिलियन क्यूबिक मीटर या बीसीएम) पर आ गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 55.288 बीसीएम के 60 प्रतिशत से भी कम है। पिछले साल की समान अवधि के दौरान इन जलाशयों में 60.3 प्रतिशत पानी का स्टॉक उपलब्ध था।
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना जैसे राज्य शामिल हैं जहां रबी सीजन के दौरान धान की खेती बड़े पैमाने पर होती है।
इस बार पानी के संकट को देखते हुए आंध्र प्रदेश के किसानों ने धान के बजाए दलहन फसलों की खेती पर विशेष ध्यान दिया।
वैसे राष्ट्रीय स्तर पर इस बार भी रबी कालीन धान के उत्पादन क्षेत्र में पिछले साल के मुकाबले वृद्धि हुई है लेकिन जलाभाव के कारण फसल को कुछ नुकसान होने की आशंका है।
इन राज्यों के बांधों-जलाशयों में पानी के स्टॉक का स्तर अलग-अलग देखा जा रहा है लेकिन कुल मिलाकर स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान इन राज्यों में वर्षा बहुत कम या नगण्य हुई है। आगे वहां बारिश की सख्त आवश्यकता महसूस हो सकती है।
