देश के विभिन्न भागों में विकराल मौसम का दौर शुरू होने की आशंका
02-Apr-2025 04:47 PM
तिरुअनन्तपुरम। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों के दौरान केरल, माही, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पांडिचेरी, तटीय एवं उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश के विभिन्न भागों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना व्यक्त की है क्योंकि मानसून- पूर्व का मौसम सघन होकर विकराल रूप धारण करने वाला है।
दूसरी ओर अगले सात दिनों के दौरान पश्चिमोत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप धीरे-धीरे फैलने और दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाया गया है
उधर मध्यवर्ती भारत में तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस घटने की संभावना है। महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों तक तापमान घटने और उसके बाद बढ़ने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिणी प्रायद्वीप में दिन के तापमान में 2-4 डिग्री की कमी आ सकती है जबकि देश के अन्य भागों में दिन के तापमान में कोई अप्रत्याशित वृद्धि होने की संभावना नहीं है।
गुजरात के सौराष्ट्र एवं कच्छ में भयंकर गर्मी (हीटवेव) का प्रकोप देखा जा रहा है जबकि पश्चिमी राजस्थान में इसका फैलाव होने वाला है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र के त्रिपुरा एवं आसाम में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। दिलचस्पी तथ्य यह है कि एक पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र से होकर गुजर रहा है फिर भी वहां गर्मी की भयंकरता बढ़ने की संभावना है।
दक्षिणी राज्यों में अगले पांच दिनों के दौरान मूसलाधार वर्षा होने का अनुमान है जिससे कई इलाकों में जन जीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार एवं छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के मौसम में ज्यादा बदलाव होने के आसार नहीं हैं।
मध्य महाराष्ट्र के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन अवस्थित है और इससे निकला एक ट्रफ गुजरते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक पहुंच गया है।
एक दूसरा ट्रफ यहां से निकलकर कोमोरिन क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है जिससे सतह पर एक सम्पूर्ण कॉम्प्लैक्स का निर्माण होने लगा है।
इस साइक्लोनिक सर्कुलेशन को अरब सागर से आने वाली हवा से नमी मिल रही वह ट्रफ के जरिए आगे पहुंच रही है। इससे दक्षिणी राज्यों में वर्षा होने की संभावना प्रबल हो गई है।
गुजरात और तेलंगाना में तेज हवा के प्रवाह और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
