धान की सरकारी खरीद 290 लाख टन पर पहुंची
29-Nov-2025 12:42 PM
नई दिल्ली। आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) तथा इसकी सहयोगी प्रांतीय एजेंसियों द्वारा चालू खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान 28 नवम्बर 2025 तक केन्द्रीय पूल के लिए 290 लाख टन धान खरीदा गया है। देश के लगभग सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों में धान की नई फसल की कटाई-तैयारी एवं सरकारी खरीद आरंभ हो चुकी है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 2025-26 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में अभी तक पश्चिम बंगाल में 4,31,145 टन, उत्तर प्रदेश में 7,71,292 टन, पंजाब में 154.20 लाख टन, तेलंगाना में 23.10 लाख टन और तमिलनाडु में 14.50 लाख टन धान खरीदा गया है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़, हरियाणा, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा एवं बिहार जैसे महत्वपूर्ण उत्पादक राज्यों में भी अच्छी मात्रा में धान की खरीद हो रही है। खरीद की प्रक्रिया लम्बे समय तक जारी रहेगी।
धान की यह खरीद देशभर के 23,04,629 किसानों से की गई है और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर इसकी कुल कीमत 656.81 अरब रुपए आंकी गई है।
ज्ञात हो कि केन्द्र सरकार ने 2025-26 सीजन के लिए धान का एमएसपी सामान्य श्रेणी के लिए 2369 रुपए प्रति क्विंटल तथा 'ए' ग्रेड के लिए 2389 रुपए किया है। यह एमएसपी 2024-25 सीजन की तुलना में 69 रुपए प्रति क्विंटल अधिक है। इस बार धान की सरकारी खरीद के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कुल 40,253 क्रय केन्द्र खोले गए हैं।
तमिलनाडु में धान की सरकारी खरीद सितम्बर में ही आरंभ हो गई थी जबकि पंजाब, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश में अक्टूबर में तथा छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में नवम्बर में शुरू हुई।
धान की सरकारी खरीद आमतौर पर अक्टूबर से जून तक जारी रहती है जिसमें खरीफ एवं रबी-दोनों सीजन की खरीद शामिल है। इस वर्ष रिकॉर्ड क्षेत्रफल के कारण धान का शानदार उत्पादन होने की उम्मीद है।
