उत्पादन एवं स्टॉक की अधिकता से कनाडा में मसूर के दाम पर दबाव
11-Dec-2025 05:05 PM
सस्काटून। सरकारी संस्था- स्टैट्स कैन की नई रिपोर्ट से पता चलता है कि कनाडा में मसूर का कुल उत्पादन पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष 38 प्रतिशत उछलकर 33.60 लाख टन पर पहुंच गया जिसका प्रमुख कारण उपज दर में जोरदार बढ़ोत्तरी होना रहा। हरी मसूर के उत्पादन में सर्वाधिक वृद्धि हुई।
लेकिन विशाल उत्पादन एवं भरपूर आपूर्ति का असर घरेलू बाजार पर स्पष्ट रूप से पड़ने लगा है। नम्बर 2 क्वालिटी की मोटी हरी मसूर का भाव गिरकर 24-25 सेंट प्रति पौंड पर आ गया है।
इसी तरह नम्बर 1 श्रेणी की छोटी हरी मसूर का दाम फिसलकर 21 सेंट प्रति पौंड रह गया है जबकि लाल मसूर की कीमत 23 सेंट प्रति पौंड के पिछले स्तर पर ही स्थिर देखी जा रही है। वैश्विक बाजार में इसकी मांग भी कमजोर बनी हुई है।
ऑस्ट्रेलिया से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भारी मात्रा में मसूर पहुंचने लगी है जिससे कनाडाई निर्यातकों के लिए चुनौती बढ़ गई है।
सरकारी एजेंसी- अबारेस ने ऑस्टेलिया में मसूर का उत्पादन पिछले साल के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत बढ़कर इस बार नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया है। इसके फलस्वरूप दक्षिण एशिया के बाजारों में ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के बीच जबरदस्त व्यापारिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
भारत में मसूर का बिजाई क्षेत्र अब गत वर्ष से पीछे हो गया है जिससे इसके उत्पादन में गिरावट की आशंका पैदा होने लगी है।
भारत में पिछले दो सप्ताहों से लाल मसूर का भाव नरम देखा जा रहा है जिससे कनाडा एवं ऑस्ट्रेलिया को अपने उत्पाद का निर्यात ऑफर मूल्य नीचे रखने के लिए विवश होना पड़ सकता है। भारत मसूर का सबसे प्रमुख आयातक देश है।
