उत्तरी एवं पश्चिमोत्तर राज्यों में मानसून के पहुंचने में देर होना संभव
17-Jun-2024 11:16 AM
नई दिल्ली । देश का उत्तरी एवं पश्चिमोत्तर क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में है और अगले कुछ दिनों तक इससे राहत मिलने की संभावना नहीं है।
वैसे मौसम विभाग ने कहा है कि 20 जून को दिल्ली एनसीआर में तेज हवा के साथ बौछार पड़ सकती है लेकिन इसके अत्यन्त सूखे खेतों में नमी का अंश बढ़कर खेती के लायक स्तर तक पहुंचने में संदेह है। देश के अधिकांश राज्यों में किसानों को मानसून के आने का बेसब्री से इंतजार है क्योंकि खरीफ फसलों की बिजाई का सीजन पहले ही आरंभ हो चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून का उत्तरी सिरा फिलहाल गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, आंध्र प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल से गुजर रहा है जबकि दक्षिणी सीमा तमिलनाडु एवं केरल की तरफ बढ़ गई है।
इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि मानसून देश के उत्तरी एवं पश्चिमोत्तर भाग में कुछ देर से पहुंच सकता है क्योंकि इसके आगे बढ़ने की रफ्तार थोड़ी धीमी है।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश में भयंकर गर्मी एवं अत्यन्त ऊंचे तापमान के कारण कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। आमतौर पर बिहार में 15 जून तक मानसून पहुंच जाता है।
चूंकि इस बार केरल में यह नियत समय से दो दिन पहले ही पहुंच गया था इसलिए उम्मीद की जा रही थी कि देश के अन्य राज्यों में भी वह निर्धारित तिथि तक पहुंच जाएगा
मगर धीमी पड़ने से अब उत्तरी राज्यों में इसके पहुंचने में कुछ विलम्ब होने की संभावना है। इससे धान सहित अन्य खरीफ फसलों की खेती करने में किसानों को कठिनाई हो रही है।
