वैश्विक बाजार की अनिश्चित स्थिति से कनाडाई मसूर में सामान्य उतार-चढ़ाव

04-Dec-2025 08:43 PM

सस्काटून। कनाडाई मसूर बाजार में उतार-चढ़ाव का माहौल देखा जा रहा है क्योंकि न केवल वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है और ऑस्ट्रेलिया में नए माल की जोरदार आपूर्ति शुरू हो गई है

बल्कि कनाडा के एक महत्वपूर्ण ग्राहक- अल्जीरिया में भी कुछ समस्या उत्पन्न हो गई है। इससे वहां कुछ समय के लिए मसूर का आयात प्रभावित होने की संभावना है।

अल्जीरिया कनाडा से मुख्यतः मोटी हरी मसूर का आयात करता है। वहां लेंडिंग का संकट उत्पन्न होने से कनाडाई बाजार में मोटी हरी मसूर का भाव घटकर 25 सेंट प्रति पौंड के आसपास आ गया है।

वैसे कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में अच्छी क्वालिटी के माल का दाम सुधरकर 27 सेंट प्रति पौंड तक पहुंचने की उम्मीद अब भी बरकरार है। 

हालांकि कुछ खरीदार एलजीएल आधार पर प्रीमियम ग्रेड की नम्बर वन अथवा एक्स्ट्रा नम्बर 2 किस्म की मसूर की खरीद में नए सिरे से दिलचस्पी दिखा रहे हैं

लेकिन इसमें दाने के आकार एवं रंग पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। इस तरह के माल का स्टॉक कम है और इसलिए इसका ज्यादा कारोबार नहीं हो रहा है। 

ऑस्ट्रेलिया में उत्पादन बढ़ने तथा नए माल की अच्छी आपूर्ति शुरू हो जाने से कनाडा के लाल मसूर का कारोबार प्रभावित हो रहा है। कीमतों में भी प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है।

कनाडा और ऑस्ट्रेलिया- दोनों शीर्ष निर्यातक देशों के साथ-साथ रूस एवं कजाकिस्तान में भी इस बार मसूर का शानदार उत्पादन हुआ है जिससे वैश्विक बाजार में आपूर्ति बढ़ गई है।