वियतनाम द्वारा उच्च क्वालिटी के चावल का उत्पादन एवं निर्यात बढ़ाने पर ध्यान
12-Dec-2025 05:14 PM
हो ची मिन्ह सिटी। दक्षिण-पूर्व एशिया में अवस्थित देश- वियतनाम ने भविष्य में चावल के बेहतर निर्यात की प्रक्रिया को स्थायी रूप से सुनिश्चित करने के लिए उच्च क्वालिटी के चावल का उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य रखा है ताकि इसकी आपूर्ति शृंखला में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
उल्लेखनीय है कि गत 10 दिसम्बर को हो ची मिन्ह सिटी में आयोजित एक कांफ्रेंस में चावल निर्यात की निरन्तर चलने वाली रणनीति पर विशेष रूप से ध्यान केन्द्रित किया गया इस कांफ्रेंस में वियतनाम के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालय के अधीनस्थ आयात-निर्यात विभाग द्वारा वर्ष 2026 में वियतनामी चावल निर्यात के रास्ते में आने वाली चुनौतियों के साथ-साथ अवसरों का भी आंकलन किया गया।
आयात-निर्यात विभाग के महानिदेशक का कहना था कि चावल निर्यात क्षेत्र को विभिन्न कठिनाइयों एवं समस्यायों का सामना करना पड़ रहा है। दुनिया के विभिन्न भागों में भारी अस्थिरता देखी जा रही है।
मुद्रा स्फीति का स्तर लगातार ऊंचा चल रहा है जबकि वैश्विक व्यापार की गति धीमी पड़ गई है। कई आयातक देशों को मौद्रिक संकट भी झेलना पड़ रहा है। स्वयं वियतनाम में निवेश की रिकवरी पर आशंका बनी हुई है। विकासशील देशों की वित्तीय स्थिति कमजोर पड़ती जा रही है जिससे चावल के कारोबार पर दबाव बढ़ रहा है।
कस्टम विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वर्ष के शुरुआती ग्यारह महीनों में यानी जनवरी-नवम्बर 2025 के दौरान वियतनाम से 3.85 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के 75.30 लाख टन से ज्यादा चावल का निर्यात किया गया और इसका औसत इकाई निर्यात ऑफर मूल्य 511 डॉलर प्रति टन से कुछ ऊंचा रहा।
वर्ष 2024 की तुलना में 2025 के दौरान वियतनामी चावल की निर्यात मात्रा में करीब 11 प्रतिशत तथा निर्यात आय में 27.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
इसके तहत वियतनामी चावल का निर्यात इंडोनेशिया में 96 प्रतिशत एवं मलेशिया में 32.5 प्रतिशत घट गया। लेकिन चीन, बांग्ला देश एवं कुछ अफ्रीकी देशों को निर्यात में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
