Home News

आपूर्ति के दबाव से सोयाबीन, मक्का एवं गेहूं का वायदा नरम

26-Oct-2026 07:41 PM

आपूर्ति के दबाव से सोयाबीन, मक्का एवं गेहूं का वायदा नरम

शिकागो। अमरीका में नई फसल की जोरदार कटाई के कारण आपूर्ति का दबाव बढ़ने तथा तेल और डीओसी की मांग कमजोर रहने सोयाबीन का वायदा भाव घटकर पिछले दो माह के निचले स्तर पर आ गया। इसके साथ-साथ मक्का एवं गेहूं के वायदा मूल्य में भी कुछ नरमी दर्ज की गई। क्रूड खनिज तेल का भाव गिरने से सोया तेल बाजार पर असर पड़ा। 

अमरीका में इस वर्ष सोयाबीन का उत्पादन बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके दबाव से शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड (सीबोट) में सोयाबीन के वायदा मूल्य में 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ गई। गेहूं एवं मक्का के वायदा भाव में सीमित नरमी देखी गई जोकि काला सागर के जलमार्ग से इसके शिपमेंट में बाधा पड़ रही है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार सीजनल कारणों से अभी सोयाबीन का वायदा नरम है। फिलहाल बाजार के ऊपर आने के लिए कोई सकारात्मक कारक मौजूद नहीं है सीबोट में सर्वाधिक सक्रिय पोजीशन के लिए सोयाबीन का वायदा अनुबद्ध मूल्य 1.2 प्रतिशत गिरकर 12.41 डॉलर प्रति बुशेल रह गया जो 26 अगस्त के बाद का सबसे निचला स्तर है। 

शिकागो एक्सचेंज में मक्का का वायदा मूल्य 1.1 प्रतिशत गिरकर 4.51 डॉलर प्रति बुशेल तथा गेहूं का वायदा भाव 0.4 प्रतिशत फिसलकर 6.23 डॉलर प्रति बुशेल पर आ गया। क्रूड खनिज तेल का दाम गत सप्ताह के अंत में उछलकर पिछले छह माह के उच्च स्तर पर पहुंचा था मगर चालू सप्ताह के आरंभ में यह नरम पड़ गया।

पिछले सप्ताह जोरदार निर्यात मांग एवं खनिज तेल के ऊंचे भाव के कारण सोयाबीन के वायदा मूल्य में अच्छी तेजी आई थी। 15 अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान करीब 28 लाख टन अमरीकी सोयाबीन की निर्यात बिक्री हुई थी।