Home News
26-Oct-2026 08:50 PM
गांधीनगर। देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में सरकार ने चार जिलों को सूखाग्रस्त प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है और वहां किसानों को फसल नुकसान के एवज में समुचित मुआवजा देने की योजना की गई है। जिन चार जिलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है उसमें कच्छ, जामनगर देवभूमि द्वारका और पोरबंदर शामिल है।
उपरोक्त जिलों में दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन के दौरान वर्षा का भारी अभाव देखा गया और तापमान भी ऊंचा रहा। इसके फलस्वरूप खरीफ फसलों को भारी हानि हुई। इतना ही नहीं बल्कि वहां रबी फसलों की बिजाई पर भी असर पड़ने की आशंका है।
गुजरात के मुख्यमंत्री के अनुसार यद्यपि प्रांतीय स्तर पर दीर्धकालीन औसत के मुकाबले करीब 89 प्रतिशत बारिश हुई मगर उपरोक्त चार जिलों में वर्षा का भारी अभाव देखा गया।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र, कर्नाटक एवं आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में भी वर्षा की कमी के कारण अनेक जिलों को सूखाग्रस्त क्षेत्र घोषित किया जा चुका है। गुजरात के जिन चार जिलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है वहां किसानों को मुआवजा दिया जाएगा, रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे और पशुचारे का प्रबंध भी किया जाएगा।