आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में लालमिर्च का उत्पादन घटने का अनुमान
27-Jan-2026 09:18 PM
हैदराबाद। दक्षिण भारत के दो शीर्ष उत्पादक राज्य- आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में 2025-26 के वर्तमान सीजन में लालमिर्च का उत्पादन काफी घटने की संभावना है क्योंकि वहां बिजाई क्षेत्र में कमी आने के साथ-साथ मौसम की हालत भी अनुकूल नहीं रही।
आंध्र प्रदेश में लालमिर्च का उत्पादन गत वर्ष के 6.62 लाख टन से गिरकर इस बार 5.39 लाख टन पर अटक जाने की संभावना है। इसी तरह तेलंगाना रायतु संघम ने राज्य में लालमिर्च का उत्पादन घटकर 4 लाख टन के आसपास रह जाने का अनुमान लगाया है जो औसत वार्षिक उत्पादन 6.50 लाख टन से काफी कम है।
पिछले साल के मुकाबले वर्ष 2025 के दौरान लालमिर्च का बिजाई क्षेत्र 1.96 लाख एकड़ से घटकर 1.06 लाख एकड़ रह गया। उधर तेलंगाना में रकबा लुढ़ककर 30 हजार एकड़ पर आ गया
जो पांच साल पूर्व 1.25 लाख एकड़ पर पहुंच गया था। बिजाई क्षेत्र में भारी गिरावट आने के साथ-साथ इन दोनों राज्यों में बेमौसमी वर्षा एवं कीड़ों-रोगों के प्रकोप से भी फसल प्रभावित हुई।
आंध्र प्रदेश के कृषि मंत्री ने लालमिर्च की कीमतों में आगे तेजी-मजबूती का माहौल रहने की उम्मीद जताई है जबकि तेलंगाना के एक कृषि विश्विद्यालय ने कहा था
कि जनवरी 2026 में लालमिर्च का भाव 13,500 से 15,500 रुपए प्रति क्विंटल के बीच रहने का अनुमान लगाया था। नई फसल की आवक जल्दी ही जोर पकड़ने की संभावना है। लेकिन घरेलू एवं निर्यात मांग भी मजबूत बनी हुई है।
