साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन
25-Apr-2026 07:24 PM
तेल मिलर्स की जोरदार लिवाली से सोयाबीन के दाम में उछाल
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में माल की सीमित आवक होने तथा क्रशिंग- प्रोसेसिंग इकाइयों की मांग मजबूत रहने से 18-24 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान सोयबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में 200 से 400 रुपए प्रति क्विंटल की भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इसके फलस्वरूप मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान में सोयाबीन का भाव उछलकर 6000 रुपए प्रति क्विंटल से भी ऊपर पहुंच गया। इससे किसानों को फायदा हो रहा है।
सोया प्लांट
महाराष्ट्र में प्लांटों की लिवाली काफी जोरदार रही और वहां सोयाबीन का दाम कुछ इकाइयों में 6300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। राजस्थान की एक क्रशिंग मिल के लिए भाव 6450 रुपए पर पहुंचा।
सोया तेल (रिफाइंड)
लेकिन सोया रिफाइंड तेल की कीमतों में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं देखी गई। इसमें महज 1 से 3 रुपए प्रति किलो का सुधार आया जबकि कुछ इकाइयों में दाम थोड़ा नरम पड़ गया। सोया रिफाइंड तेल का भाव कोटा में 1500 रुपए प्रति 10 किलो पर स्थिर रहा जबकि कांडला में 5 रुपए सुधरकर 1485 रुपए तथा हल्दिया में 20 रुपए बढ़कर 1475/1480 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा लेकिन मुम्बई में 50 रुपए घटकर 1450 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। समझा जाता है कि गर्मी का मौसम होने तथा दाम ऊंचा रहने से सोया रिफाइंड तेल की मांग ज्यादा नहीं रही।
आवक
प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरन रोजाना औसतन 1.40 लाख बोरी सोयाबीन की आवक हुई जबकि प्रत्येक बोरी 100 किलो की होती है।
स्टॉक बिक्री
सोयाबीन की आपूर्ति का पीक सीजन समाप्त हो गया है लेकिन सरकारी स्टॉक की अच्छी बिक्री हो रही है। सोया तेल का वैश्विक बाजार भाव मजबूत बना हुआ है। महाराष्ट्र में सोयामील का अच्छा कारोबार होने से भाव काफी तेज रहा।
