आंध्र प्रदेश में एमएसपी पर कपास की खरीद आरंभ

30-Oct-2025 11:31 AM

विजयवाड़ा। दक्षिणी प्रान्त- आंध्र प्रदेश में 29 अक्टूबर से कपास की सरकारी खरीद की प्रक्रिया औपचारिक तौर पर आरंभ हो गई। राज्य के कृषि मंत्री का कहना है कि भारतीय कपास निगम (सीसीआई) इसके लिए पूरी तैयारी कर चुका है

और तत्काल 30 क्रय केन्द्रों पर इसकी खरीद शुरू की जा रही है ताकि मोंथा नामक भयंकर समुद्री चक्रवाती तूफान से कपास की फसल को नुकसान होने से बचाया जा सके। वैसे यह प्रयास ज्यादा सकल नहीं हो सका और राज्य में कपास की फसल क्षति ग्रस्त हो गई। 

कृषि मंत्री के अनुसार चालू वर्ष के दौरान आंध्र प्रदेश में कपास का बिजाई क्षेत्र सुधरकर 4.56 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा और मोंथा तूफान के आने से पूर्व वहां करीब 8 लाख टन कपास के उत्पादन का अनुमान लगाया जा रहा था।

समुद्री चक्रवाती तूफान के कारण आंध्र प्रदेश के अनेक जिलों में अत्यन्त तेज हवा के प्रवाह के साथ मूसलाधार बारिश भी हुई जिससे कपास की फसल को गंभीर हानि होने की आशंका है। किसानों के लिए यह गहरा आघात साबित होगा। 

केन्द्र सरकार ने 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन हेतु कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मीडियम रेशेवाली श्रेणी के लिए 7710 रुपए प्रति क्विंटल एवं लम्बे रेशेवाली किस्मों के लिए 8110 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

तूफानी वर्षा से आंध्र प्रदेश में कपास की क्वालिटी भी प्रभावित हुई है और उसमें नमी का अंश काफी बढ़ गया है। राज्य सरकार के लिए इस प्रभावित क्वालिटी वाली कपास की बिक्री न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित करवाने की कठिन चुनौती रहेगी।

तूफानी वर्षा का असर तेलंगाना पर भी देखा जा रहा है जबकि वहां पहले ही किसान कपास में नमी के ऊंचे अंश की उपस्थिति के कारण कठिनाई का सामना कर रहे हैं।