Home News
02-Nov-2026 03:25 PM
रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में पिछले सप्ताह मसूर के दाम में स्थिरता या तेजी देखी गई। लाल मसूर का भाव काफी हद तक पिछले स्तर पर मजबूती से बरकरार रहा जबकि हरी मसूर की कीमतों में तेजी देखी गई। हालांकि तीनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- सस्कैचवान अल्बर्टा एवं मनिटोबा में मसूर फसल की कटाई-तैयारी समाप्त हो चुकी है लेकिन 1 अगस्त से 25 अक्टूबर तक वहां कुल उत्पादन के केवल 12 प्रतिशत भाग की ही डिलीवरी किसानों द्वारा की गई।
पिछले कुछ समय से कनाडा में मोटी हरी मसूर का भाव ऊंचा एवं तेज चल रहा है और गत सप्ताह भी इसका सिलसिला जारी रहा। इससे दो बातों का स्पष्ट संकेत मिलता है। एक तो कनाडा में घरेलू परिवहन खर्च काफी ऊंचा हो गया है और दूसरे, उत्पादक अपने स्टॉक का बिक्री में कोई खास जल्दबाजी नहीं दिखा रहे हैं।
मौजूदा मार्केटिंग सीजन की पहली तिमाही में मसूर का कारोबार 15 प्रतिशत तक भी नहीं पहुंच सका जबकि वहां इसका भारी-भरकम स्टॉक मौजूद है। पिछले साल 17 प्रतिशत मसूर की खरीद-बिक्री हो गई थी। इसकी मात्रा गत वर्ष के 6,52,500 टन से घटकर इस बार 4,16,900 टन पर अटक गई।