अमरीका में मक्का की रेटिंग कमजोर-सोयाबीन की स्थिर

24-Jul-2024 12:50 PM

वाशिंगटन । अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की नई साप्ताहिक फसल समीक्षा रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय स्तर पर अच्छी या उत्कृष्ट स्थिति वाले मक्का की रेटिंग 68 प्रतिशत से घटकर 67 प्रतिशत रह गई जबकि सोयाबीन की रेटिंग 68 प्रतिशत के पिछले स्तर पर बरकरार रही। 

मक्का की फसल की हालत नौ राज्यों में सुधरने तथा शेष 9 राज्यों में कमजोर पड़ने की सूचना है। देश को मध्यवर्ती एवं पूर्वी राज्यों में फसल की हालत में सुधार आया जबकि दक्षिणी एवं पश्चिमी भाग में फसल कमजोर पड़ी।

अच्छी रेटिंग वाले पांच राज्यों में नेब्रास्का मिसौरी, आयोबा, मिशीगन तथा इलिनोइस शामिल हैं जबकि कमजोर रेटिंग वाले पांच प्रांतों में उत्तरी कैरोलिना, पेनसिल्वेनिया, टेनेसी, टेक्सास एवं कोलोराडो सम्मिलित हैं। 

जहां तक सोयाबीन का सवाल है तो राष्ट्रीय स्तर पर इसकी 68 प्रतिशत फसल अच्छी का उत्कृष्ट स्थिति में आंकी गई है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 10 राज्यों में फसल की हालत में सुधार दर्ज किया गया, 7 प्रांतों में गिरावट आई जबकि 1 राज्य में कोई परिवर्तन नहीं हुआ।

जिन पांच राज्यों में सोयाबीन की फसल सबसे अच्छी हालत में रही उसमें नेब्रास्का, लूईसियाना, मिसौरी, आयोबा एवं इलिनोइस शामिल है।

दूसरी ओर मिनीसोटा, उत्तरी कैरोलिना, टेनेसी, उत्तरी डकोटा तथा केंटुकी जैसे पांच राज्यों में फसल की हालत सबसे कमजोर आंकी गई।

अगले छह सप्ताह (डेढ़ माह) का समय सोयाबीन की फसल के लिए निर्णायक साबित होगा। फिलहाल फसल की हालत सामन्य बताई जा रही है। मक्का की फसल के लिए भी मौसम कुछ हद तक अनुकूल रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।