अमरीका में मटर फसल की हालत में सुधार
23-Jun-2026 01:57 PM
बोस्टन। अमरीका में मटर की बिजाई समाप्त होने के बाद अब फसल की अच्छी प्रगति हो रही है। दो महत्वपूर्ण उत्पादक प्रान्तों - मोंटाना तथा उत्तरी डकोटा में मटर के पौधों में शाखाएं एवं पत्तियां निकल रही हैं और बीज का अंकुरण भी सही ढंग से हुआ है। पिछले सप्ताह अमरीका में मटर की 37 प्रतिशत फसल उत्साहवर्धक स्थिति में थी जबकि चालू सप्ताह में इसका दायरा बढ़कर 45 प्रतिशत पर पहुंच गया। दूसरी ओर अच्छी या सामान्य स्थिति वाली फसल का दायरा 34 प्रतिशत से गिरकर 31 प्रतिशत तथा कमजोर या अत्यंत खराब फसल का अनुपात 29 प्रतिशत से घटकर 24 प्रतिशत रह गया। मौसम की हालत कुछ अनुकूल देखी जा रही है।
मोंटाना प्रान्त में मटर की 33 प्रतिशत फसल की हालत खराब या अत्यंत कमजोर, 23 प्रतिशत की दशा अच्छी या सामान्य तथा 53 प्रतिशत की स्थिति बहुत अच्छी या उत्साहवर्धक देखी जा रही है। लेकिन उत्तरी डकोटा प्रान्त में स्थिति इतनी अच्छी नहीं है। वहां 28 प्रतिशत फसल ही उत्साहवर्धक हालत में है जबकि 66 प्रतिशत की स्थिति सामान्य तथा 6 प्रतिशत फसल की अवस्था बेहद कमजोर है।
अमरीका के अधिकांश भागों में बीन्स की बिजाई समाप्त हो चुकी है लेकिन लगभग 50 प्रतिशत क्षेत्रफल में फसल की हालत सामान्य अथवा कमजोर देखी जा रही है। मोन्टाना एवं उत्तरी डकोटा के साथ-साथ मिशीगन एवं नेब्रास्का जैसे राज्यों में भी बीन्स की खेती हो रही है।
इधर भारत में दलहन फसलों की बिजाई में अच्छी प्रगति हुई है जबकि मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही बिजाई की रफ़्तार और भी तेज हो जाने की उम्मीद है। कनाडा में भी दलहन फसलों का विकास सामान्य ढंग से हो रही है मगर ऑस्ट्रेलिया के कुछ भाग में सूखे की स्थिति है।
