अमरीका में मटर फसल की कटाई लगभग पूरी

15-Sep-2026 11:39 AM

डलास। संयुक्त राज्य अमरीका (यूएसए) में मटर फसल की कटाई-तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है जबकि कनाडा में अभी जारी है। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि प्रमुख उत्पादक राज्यों में मौसम की हालत सामान्य रहने से किसानों को फसल की कटाई में ज्यादा कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। 

उस्डा की रिपोर्ट के अनुसार अमरीका में 99 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में मटर की फसल काटी जा चुकी है जबकि पिछले साल के इसी अवधि में 94 प्रतिशत फसल की कटाई हुई थी। मटर फसल की कटाई का पंचवर्षीय औसत आंकड़ा भी 94 प्रतिशत ही है। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि इस बार कटाई-तैयारी की गति तेज रही।

मटर के दो शीर्ष उत्पादक राज्यों- मोंटाना एवं उत्तरी डकोटा में फसल पूरी कट चुकी है। फसल की कटाई तो इडाहो, ऑरेगॉन तथा वाशिंगटन जैसे उत्पादक राज्यों में भी समाप्त हो जाने का अनुमान है लेकिन उस्डा कार्यालय को इन प्रांतों में फसल कटाई का प्रतिशत आंकड़ा अभी प्राप्त नहीं हुआ है। अमरीका के पड़ोसी देश- कनाडा में मौसम पूरी तरह अनुकूल नहीं है इसलिए मटर फसल की कटाई में बाधा पड़ रही है। सस्कैचवान एवं अल्बर्टा प्रान्त में अक्सर बारिश से कटाई रुक जाती है।